फर्जीवाड़ा: सांसद के जाली पत्र पर टिकट कन्फर्म कराया, जानिए पूरा मामला

पटना रेलवे बोर्ड से सारण के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी के फर्जी लेटर पैड के जरिये टिकट कन्फर्म कराने का मामला प्रकाश में आया है। हेड ऑफिस कोटा लगवाकर मुरादाबाद से पटना तक श्रमजीवी एक्सप्रेस में एसी टू बोगी में 30 जून को एक बर्थ (पीएनआर 2248142271) कन्फर्म कराई गई। इसके एवज में एजेंट ने दरभंगा की महिला यात्री से दोगुने पैसे वसूले थे। मामला संज्ञान में आने पर रेलवे बोर्ड से लेकर पूर्व मध्य रेलवे तक में हड़कंप मचा है। रेलवे सुरक्षा बल की विशेष टीम जांच में जुट गई है। शक है कि इस मामले से जुड़ा एक बड़ा गैंग काम कर रहा है।


कैसे चला पता:


सांसद के लेटर पैड पर दरंभगा की एक महिला का टिकट कन्फर्म कराने की सिफारिश देख रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी को शक हुआ। उसने सांसद के पीए से बात की तो उन्होंने कहा कि महिला व उक्त पीएनआर से जुड़ी सिफारिश वाला कोई लेटर पैड सांसद या उनके द्वारा नहीं भेजा गया है। इसके बाद जांच शुरू हुई। मुरादाबाद से आरपीएफ की विशेष टीम ट्रेन के उसी कोच में पटना तक आई। रास्ते में उस टिकट पर सफर कर रही महिला यात्री से पूछताछ की गई। पटना जंक्शन पर भी पूछताछ हुई। अब दानापुर और समस्तीपुर मंडल की आरपीएफ की विशेष टीम जांच में जुटी है।


एजेंट फरार

महिला यात्री ने दरंभगा के एजेंट आशीष केडिया से टिकट लेने की बात मानी है। कहा कि उसे नहीं पता कैसे केडिया टिकट कन्फर्म कराने का दावा कर रहा था। महिला यात्री द्वारा बताए गए एजेंट के दरभंगा स्थित ठिकाने पर छापेमारी की गई लेकिन वह गायब मिला।


 


रेलवे बोर्ड की जांच में सांसद के फर्जी लेटर पैड के जरिये टिकट कन्फर्म कराया गया। जांच के लिए विशेष टीम बनी है। फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल करने वाले एजेंट की तलाश में छापेमारी जारी है। .


-चंद्र मोहन मिश्रा, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दानापुर मंडल.


Leave a Reply