अमेरिका ने उत्तर कोरिया से मांगा परमाणु निरस्त्रीकरण का ब्योरा

सियोल। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने शुक्रवार को उत्तर कोरिया से परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर विस्तृत विवरण देने को कहा। सिंगापुर में पिछले महीने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच ऐतिहासिक बैठक के बाद पोंपियो पहली बार प्योंगयांग पहुंचे हैं।


यहां पर उन्होंने सिंगापुर बैठक के इंतजाम में प्रमुख भूमिका निभाने वाले किम योंग चोल से मुलाकात की। यह बातचीत लगभग तीन घंटे तक चली। अभी यह निश्चित नहीं है कि पोंपियो किम जोंग उन से मिलेंगे या नहीं। हालांकि, वे पहली बार रात में प्योंगयांग में रुक रहे हैं।


बाद में पत्रकारों से बात करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि हमने आज की पहली बैठक पूरी कर ली है। हमारे सहयोगियों ने अच्छा होमवर्क किया है। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि किम जोंग उन उत्तर कोरिया की जनता के लिए एक अलग और उज्ज्वल भविष्य की ओर देख रहे हैं। हम दोनों का मानना है कि यह सच है।


उन्होंने कहा कि उत्तर कोरियाई अधिकारियों के साथ हमारी बातचीत जारी रहेगी। अभी मुश्किल काम किया जाना है। लेकिन, शांति के लिए प्रयास तो करते रहना ही पड़ता है। हमने उत्तर कोरिया से कहा है कि अपनी प्रतिबद्धता के मुताबिक वह निरस्त्रीकरण का विस्तृत विवरण पेश करे।


Leave a Reply