महाराष्ट्र में वाटरफॉल में पिकनिक मनाने गए 15 सैलानी तेज बहाव में फंसे, एक की मौत

मुंबई,  बारिश ने देश के कई प्रदेशों में तबाही मचा रखी है. मुंबई से सटे पालघर जिले के वसई में एक झरने में पिकनिक मनाने गए 15 लोग अचानक बढ़े पानी में फंस गए. इनमें से एक सैलानी की मौत हो गई है, जबकि 6-7 लोगों को बचाया जा चुका है. बाकी फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है.


यह हादसा वसई से तालुका के चिंचोटी इलाके में वॉटरफॉल में हुआ है. यहां पिकनिक मनाने के लिए बोरीवली से 15 पर्यटक गए थे, जो अचानक पानी बढ़ने से वहीं फंस गए. इनमें से आधे लोगों को फायर ब्रिगेड ने बचाया, मगर अभी भी कई लोग पानी के तेज बहाव में फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के लिए NDRF की टीम निकल चुकी है.


पानी में फंसे लोगों को वसई-विरार मनपा के फायर ब्रिगेड और एयरफोर्स द्वारा भेजे गए हेलीकाप्टर के जरिए बचा लिया गया. बचाने वालों में शॉन कार्वाल्हो, राहुल सुक्का, श्वेता थोंबरे, प्रियंका लोखंडे हैं. अन्य लोगों को बचाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.


मौसम विभाग ने शनिवार से लेकर नौ जुलाई तक कोंकण एवं गोवा में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की है, जबकि मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मराठवाड़ा क्षेत्र, तेलंगाना, कर्नाटक के तटीय और भीतरी इलाकों एवं पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.


Leave a Reply