पश्चिम बंगाल: तिरंगा फहराने के लिए 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, गिरकर हुई मौत

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मोबाइल टॉवर पर चढ़कर झंडा फहराने की कोशिश कर रहे एक युवक की टॉवर से गिरने से मौत हो गई. पुलिस ने बुधवार को ये जानकारी दी.


जिआगंज पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, "19 साल के बिशाल केदार झंडा फहराने के लिए मोबाइल टावर के ऊपर चढ़ गया, लेकिन वो 80 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया". बिशाल केदार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया.


इससे पहले बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक ऐसी ही एक घटना महाराष्‍ट्र के बारामती में हुई. झंडा फहराने के दौरान एक युवक टावर पर चढ़ गया. लोगों के काफी समझाने-बुझाने के बावजूद भी वो उतरने को तैयार नहीं हुआ.


इस दौरान झंडारोहण करने के लिए सांसद सुप्रिया सुले वहां पहुंची. युवक को टंकी पर चढ़ा देख सुप्रिया ने उसे समझाया और नीचे उतरने की गुजारिश की. काफी देर तक समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा, जिसके बाद झंडारोहण किया गया.

Leave a Reply