भारत बंद के दौरान देशभर में प्रदर्शन, बिहार में आगजनी, पुणे में मनसे की तोड़फोड़

नई दिल्ली/पटना/अहमदाबाद, पेट्रोल-डीज़ल (Petrol Diesel Price Hike) की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने आज भारत बंद (Bharath Bandh) का आह्वान किया है. इस भारत बंद की अगुवाई कांग्रेस पार्टी कर रही है, जिसके साथ करीब 20 राजनीतिक पार्टियों का समर्थन है.   

हाल ही में सवर्णों ने एससी/एसटी एक्ट के खिलाफ भारत बंद बुलाया था और अब आज विपक्ष ने भारत बंद बुलाया है. यानी एक हफ्ते में दूसरी बार ये मोदी सरकार के खिलाफ बुलाया गया भारत बंद है.

यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई बड़े नेता आज धरना दे सकते हैं. कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए.

आपको बता दें कि भारत बंद से पहले राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने रविवार को ही अपने राज्य में पेट्रोल-डीजल से 4% वैट कम कर दिया था. इससे राज्य में पेट्रोल-डीजल करीब 2.50 रुपए तक सस्ता हो सकता है. 

08.53 AM: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, उन्होंने यहां पर कैलाश मानसरोवर झील से लाया हुआ पवित्र जल भी चढ़ाया. श्रद्धांजलि देने के बाद राहुल की अगुवाई में विपक्ष का मार्च शुरू हो गया है.

08.46 AM: बिहार के पटना में सांसद पप्पू यादव ने भारत बंद के दौरान प्रदर्शन किया, उन्होंने अपने समर्थकों के साथ ट्रेन को रोका.

08.40 AM: कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वापस दिल्ली पहुंचे. विपक्ष के भारत बंद में राहुल गांधी भी शामिल हुए. राहुल गांधी राजघाट पहुंच गए हैं. राहुल के साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी यहां से निकलकर मार्च में शामिल होंगे.
08.38 AM: महाराष्ट्र में विपक्ष का भारत बंद बेहद आक्रामक रूप से आगे बढ़ रहा है. राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने पुणे में कई बसों में पत्थरबाजी की.
08.22 AM: दक्षिण राज्य केरल में भी विपक्ष के भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है. केरल में सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक भारत बंद रहेगा. राज्य में अधिकतर जगह दुकानें बंद हैं. इसके अलावा भी राज्य की बस सर्विस भी पूरी तरह से ठप है. भारत बंद के कारण लोगों को कई तरह की परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है.

08.00 AM: कर्नाटक के मेंगलुरु में कुछ उपद्रवियों ने एक प्राइवेट बस पर पत्थर फेंके. हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई है.

07.58 AM: कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का कहना है कि हम प्रदर्शन के जरिए मोदी सरकार पर दबाव बनाना चाहते हैं ताकि वे पेट्रोल-डीजल के दाम कम करें. जिस तरह उन्होंने हमारे दबाव के कारण राजस्थान में VAT में कटौती की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी की बैठक में पेट्रोल-डीज़ल की बात ही नहीं की गई.

07.54 AM: गुजरात के अहमदाबाद में बंद के चलते सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. यहां के इसनपुर में NSUI के कार्यकर्ताओं ने स्कूल बंद करवाया, इसके अलावा भी कई प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है.

07.52 AM: बिहार के दरभंगा में प्रदर्शनकारियों ने कमला फास्ट पैसेंजर को रोका

07.40 AM: बिहार के जहानाबाद में राजद कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर आगजनी की

07.36 AM: बिहार के खगड़िया में बंद समर्थकों ने NH-31 को जाम किया, बस स्टेशन पर भी RJD नेताओं को प्रदर्शन

07.25 AM: ओडिशा के भुवनेश्वर में भारत बंद का असर, सड़कों पर विपक्षी पार्टियों का प्रदर्शन, ट्रेन रोकी.

07.20 AM: कर्नाटक के कलबुर्गी में भारत बंद का असर, बस सर्विस पूरी तरह से ठप

07.15 AM: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सीपीआई(M) के कार्यकर्ताओं ने सुबह-सुबह प्रदर्शन किया.
बंद में कौन-कौन शामिल?

समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, एनसीपी, RLD, RJD, CPI, CPM, AIDUF, NC, JMM, JVM, DMK, TDP, KERALA CONGRESS (M), RSP, IUMP, LOK TANTRIC JANTA DAL, SWABHIMAN PAKSHA- R Shetty ने भारत बंद का आह्वान किया है. इसके अलावा टीएमसी और आम आदमी पार्टी ने भी विरोध का समर्थन किया है लेकिन भारत बंद से दूर हैं.

कई जगह छुट्टी का ऐलान

भारत बंद को देखते हुए कई राज्यों ने सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है. कांग्रेस ने दावा किया है कि भारत बंद के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं होगी. बंद का समर्थन करने वाले दलों में सपा, बसपा, डीएमके समेत 21 दल हैं.

कर्नाटक सरकार ने बंद के चलते सोमवार को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है. सरकारी दफ्तरों में भी छुट्टी रहेगी. इधर, आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के इस बंद से किनारा कर लिया है.

भारत बंद से कई चीजों को बाहर रखा गया है. इसमें दवा की दुकान अस्पताल और एंबुलेंस को राहत दी गई है, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी तरह की समस्या न हो.
 

Leave a Reply