माता-पिता को लगी स्मार्टफोन की लत तो सड़कों पर बच्चों ने किया विरोध प्रदर्शन

हेम्बर्ग : एक ओर जहां स्मार्टफोन पूरी दुनिया के लिए ढेरों सहूलियतें लेकर आया तो दूसरी ओर इसने कई ऐसी समस्याओं को जन्म दे दिया, जिससे हम सभी दो चार हो रहे हैं. लगातार इस्तेमाल से हम सभी इसके आदी होते जा रहे हैं. कुछ लोगों के मामले में तो इसने बीमारी का रूप ही ले लिया है. ऐसा ही एक किस्सा इन दिनों जर्मनी में बहुत चर्चा में बना हुआ है. जर्मनी के हैम्बर्ग में बच्चों का विरोध प्रदर्शन जमकर सुर्खियां बटोर रहा है. इन बच्चों ने अपने माता पिता की स्मार्टफोन की आदत से परेशान होकर ये विरोध प्रदर्शन किया.

आपके लिए भरोसा करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन ये सच है. DW न्यूज के अनुसार, ये बच्चे जो स्लोगन अपने प्ले कार्ड पर लिखे हुए थे, उस पर लिखा था, हम यहां हैं और नारे लगा रहे हैं, क्योंकि आप लोग अपने स्मार्टफोन में बिजी हो. इस विरोध प्रदर्शन में सात साल के छोटे बच्चे भी शामिल थे.

उनका इस विरोध प्रदर्शन पर कहना था कि हमें उम्मीद है कि हमारे विरोध प्रदर्शन के बाद वह मोबाइल पर अब कम समय बर्बाद करेंगे. हमें उम्मीद है कि अब वह अपने फोन के साथ नहीं बल्कि हमारे साथ खेलेंगे. यही हमारा सभी माता पिता को संदेश है. विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार स्मार्टफोन के इस्तेमाल से हमारे व्यवहार में परिवर्तन आ ही जाता है. जिसका सीधा असर बच्चों पर भी पड़ता है. इससे माता पिता जल्दी गुस्सा होते हैं, अक्सर वह छोटी छोटी बात पर फ्रस्टेट हो जाते हैं.

एक पिता ने कहा, वाकई ये एक बड़ी समस्या बन गई है. हमारा एक साल का बच्चा अभी से डे केयर में जाने लगा है. हमें लगता है कि हमें जल्द ही इस मोबाइल की लत से मुक्ति पानी होगी. उन्होंने एक किस्से को याद करते हुए कहा, एक बार मैंने बस में एक मां को देखा. वह अपने स्मार्टफोन में बिजी थी. उसका बच्चा अपने लिए अटेंशन चाहता था. ऐसे में वह रोने लगा. तो मां ने उसे पीट दिया. बाद में जब उसे अपनी गलती का अहसास हुआ तो उसने उसे गले लगाया. बच्चा चुप हो गया,  लेकिन उसने ये नहीं कहा कि वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी.

Leave a Reply