ट्रैफिक पुलिस के इस कदम से लोगों को त्योहारों में मिलेगी ट्रैफिक जाम से निजात

नई दिल्ली,  त्योहारों के समय सड़कों पर जाम एक बड़ी समस्या है। इससे समय बर्बाद होने के साथ ही त्योहार का मजा भी खराब होता है। इसलिए ट्रैफिक पुलिस गत वर्ष जिन इलाकों में जाम लगा था वहां के आंकड़ों का आकलन कर रही है, जिससे इस बार वहां जाम न लगे।

पुलिस के आकलन में यह बात सामने आई है कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच और शाम 4 से रात 8 बजे के बीच जाम की परेशानी सबसे ज्यादा रही है। इस दौरान जाम के बारे में सबसे अधिक कॉल मिली हैं। कई जगह ऐसी भी हैं जहां सुबह-शाम दोनों समय जाम लगा। ऐसे में पुलिस अधिकारी जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए योजना बनाने में जुटे हैं। 

आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन को साथ जोड़ा जा रहा : अधिकारियों के अनुसार, जाम से निजात पाने के लिए स्थानीय आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी अपने साथ जोड़ा जा रहा है। यातायात सुगम रहे इसके लिए उनके साथ बैठक की जा रही हैं। उनकी राय ली जा रही है कि जाम वाली जगह पर किस समय, किस ओर से अधिक ट्रैफिक आता है किन बातों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। इसका मकसद यह है कि दुकानदारों के ग्राहकों की संख्या पर भी असर न पड़े और जाम की समस्या भी कम हो।

प्रमुख चौराहों पर क्रेन तैनात की जाएंगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी खराब वाहन को हटाने के लिए प्रमुख चौराहों पर क्रेन खड़ी की जाएंगी। यह क्रेन चौराहे के कुछ किलोमीटर के दायरे में खराब होने वाले वाहनों को जल्द से जल्द सड़क से हटाएगी। इसके अलावा जिस समय जाम लगने की अधिक आशंका होती है उस समय उस चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ट्रैफिक सिग्नल को मैन्युअल चलाने, वन-वे ट्रैफिक चलाने, अस्थायी डिवाइडर बनाने जैसे उपाए भी किए जाएंगे।

150 चौराहे चिह्नित
ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त खुद योजना पर काम कर रहें हैं। पहले हर जिले की उपायुक्त ट्रैफिक से उनके इलाकों में गत वर्ष लगने वाले जाम की जगहों व समय के साथ रिपोर्ट मांगी गई। इनमें 150 चौराहे चिह्नित किए गए हैं जहां ज्यादा जाम लगता है।

इन जगहों पर जाम की ज्यादा शिकायतें 
द्वारका, अरविंदो मार्ग, मथुरा रोड, बहादुरशाहजफर मार्ग, लाजपत नगर, आश्रम, रिंग रोड, आजादपुर, राजोरी गार्डन, उत्तम नगर, वजीराबाद रोड, शास्त्री पार्क, खजूरी खास, मॉडल टाउन, रोहिणी, पीतमपुरा आदि।

त्योहारों में सड़कों पर जाम लगता है। इस कारण हमनें इस बार पिछले साल के आंकड़ों का आकलन किया है, जिससे इस बार पहले से तैयारी कर लोगों को जाम से निजात दिलाई जा सके। – आलोक कुमार, संयुक्त आयुक्त, ट्रैफिक पुलिस

Leave a Reply