मताधिकार से वंचित कर दिए जाएं दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले : रामदेव

अलीगढ़ । योग गुरु बाबा रामदेव ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए तुरंत उपाय करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने वालों को मताधिकार और सरकारी नौकरी से वंचित कर दिया जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने कहा सरकार को उन लोगों के वोटिंग के अधिकार छीन लेना चाहिए और चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। उन्हें दूसरी तरह की सुविधाएं भी नहीं दी जानी चाहिए। भारत की तेजी से बढ़ती जनसंख्या का हवाला देते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि इसको नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए। मताधिकार छीनने, चुनाव लड़ने से रोकने, सरकारी नौकरी और मेडिकल सुविधाओं से वंचित करने जरिए ही जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा इसके अलावा दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले लोगों को सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में भी प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। इससे लोग कम बच्चे पैदा करने पर मजबूर हो जाएंगे।
यह पहली बार नहीं है, जब बाबा रामदेव ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर ऐसा बयान दिया है। पिछले साल नवंबर में उन्होंने कहा था कि जो लोग जीवनभर शादी नहीं करते हैं, उन्हें विशेष सम्मान दिया जाना चाहिए। साथ ही जो लोग दो से ज्यादा बच्चे पैदा करते हैं, उनके मतदान करने के अधिकार को छीन लेना चाहिए। उन्होंने कहा जनसंख्या में वृद्धि देश और समाज दोनों के लिए घातक है।
