उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने डोनाल्ड ट्रंप के पत्र पर संतोष जाहिर किया

सियोल । उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दोनों नेताओं के बीच शिखर वार्ता से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भेजे गए पत्र पर बेहद संतोष जताया। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी दी। सरकारी एजेंसी ने कहा कि किम ट्रंप के साथ बैठक से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर बातचीत की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि अगले महीने प्रस्तावित बैठक को लेकर उत्तर कोरिया की ओर से यह पहली प्रतिक्रिया आई है। किम का दाहिना हाथ कहे जाने वाले दूसरे बड़े नेता किम योंग चोल ने उन्हें यह पत्र सौंपा। चोल ने पिछले हफ्ते ट्रंप से वाशिंगटन में मुलाकात की थी। अमेरिका और उत्तर कोरिया निरस्त्रीकरण पर एक समझौता करना चाहते हैं, जिससे दोनों देशों के बीच दशकों से चली आ रही दुश्मनी को खत्म किया जा सके। बता दें दोनों नेताओं ने पिछले साल जून में सिंगापुर में पहली मुलाकात की थी, जहां उन्होंने अस्पष्ट दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए थे। इसमें किम ने कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा में काम करने का वचन लिया था। इससे पहले ट्रंप ने सम्मेलन की जगह तय होने की पुष्टि की थी।
