70वां गणतंत्र दिवस आज, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

भारत आज अपना 70वां गणतंत्र दिवस (Republic Day 2019) मना रहा है। गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड (Republic day parade live updates) का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत सुबह 9:50 पर होगी। परेड विजय चौक से शुरू होकर राजपथ, तिलक मार्ग, बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से होकर गुजरेगी और लाल किले तक जाएगी। 90 मिनट की इस परेड में राज्यों और केंद्र सरकारों के विभागों की झांकियों को दिखाया जाएगा।  
वहीं, गणतंत्र दिवस समारोहों के मद्देनजर दिल्ली में करीब 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और मध्य दिल्ली में रणनीतिक रूप से अहम स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एनएसजी प्रशिक्षित कमांडो के साथ पराक्रम वैन रणनीतिक स्थलों पर गश्त कर रही हैं। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं और परेड मार्ग पर लोगों की गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरा नजर रख रहे हैं। हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए विमान भेदी तोपों समेत सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ने फहराया तिरंगा
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन ने विजयवाड़ा में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया
 राजपथ पर परेड देखने को उमड़ी भीड़
70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के राजपथ पर बड़ी संख्या में लोग परेड देखने आए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह के विशेष अतिथि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा हैं।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति होंगे गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के विशेष अतिथि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा हैं। वह अपनी पत्नी के साथ भारत के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भारत के अपने पहले दौरे पर आए 'विशेष मेहमान' अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा की अगवानी की। उनके साथ दक्षिण अफ्रीका की प्रथम महिला तथा उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी हैं। रामफोसा 70वें गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि हैं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर शनिवार सुबह देशवासियों को शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि सभी भारतवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। जयहिंद। 
 

Leave a Reply