आज देश मना रहा है 70वां गणतंत्र दिवस, सुरक्षा में तैनात 25000 कर्मचारी

Republic Day 2019: गणतंत्र दिवस 2019 समारोह के मद्देनजर दिल्ली में करीब 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और मध्य दिल्ली में रणनीतिक रूप से अहम स्थानों पर सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। मध्य दिल्ली आतंकवादियों के निशाने पर थी। गणतंत्र दिवस समारोहों के दौरान हमले की साजिश रच रहे दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

जैश-ए-मोहम्मद के दो संदिग्ध सदस्यों अब्दुल लतीफ गनई (29) उर्फ उमैर उर्फ दिलावर और हिलाल अहमद भट (26) की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दोनों संदिग्ध आतंकवादी 70वें गणतंत्र दिवस समारोहों के दौरान शहर में आतंकवादी हमले करने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद के गिरफ्तार किए गए सदस्यों ने हमलों के लिए अपने संभावित लक्ष्यों के तौर पर लाजपत नगर बाजार, हज मंजिल, तुर्कमान गेट, पहाड़गंज, इंडिया गेट और पूर्वी दिल्ली में आईजीएल गैस पाइपलाइन को चिह्नित किया था।

ड्रोन रोधी प्रौद्योगिकी भी इस्तेमाल होगी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के करीब 25000 सुरक्षा कर्मी दिल्ली में तैनात किए गए हैं। किसी भी प्रकार के हमले की कोशिश को नाकाम करने या हवा में किसी संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए ड्रोन रोधी प्रौद्योगिकी भी इस्तेमाल की जा रही है। सुरक्षा बलों ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को संवेदनशील स्थानों के रूप में चिन्हित किया है। उनकी सुरक्षा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने भी कसी कमर
ट्रैफिक पुलिस ने मार्गों में परिवर्तन का प्रबंधन और आगंतुक गणमान्य लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 3000 कर्मियों को तैनात किया है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विजय चौक और लालकिला मैदान के बीच गणतंत्र दिवस परेड के सुचारू संचालन के लिए दिल्ली में  ट्रैफिक के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और पाबंदियां लगाई गई हैं।

दो मेट्रो स्टेशनों पर एक्जिट नहीं 
गणतंत्र दिवस पर यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेगी, लेकिन सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशनों पर मेट्रो में चढ़ने-उतरने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि परेड विजय चौक से सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर शुरू होगी और राजपथ, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से होकर लाल किला पहुंचेगी। 

सीसीटीवी कैमरे और फेस डिटेक्टर रखेंगे नजर

डीसीपी (नई दिल्ली) मधुर वर्मा ने बताया कि शहर में बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों समेत करीब 25,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। राजपथ में सीसीटीवी कैमरे और फेस डिटेक्टर (चेहरा पहचानने वाले कैमरे) भी लगाए गए हैं। राजपथ से लालकिले तक आठ किलोमीटर के परेड मार्ग पर और पास के इलाकों में नजर रखने के लिए मोबाइल हिट टीम, विमान भेदी तोप और शार्पशूटर भी तैनात किए गए हैं। पिछले साल अगस्त में औपचारिक रूप से शामिल स्वाट यूनिट की 36 महिला कमांडो भी सुरक्षा प्रबंधों का हिस्सा होंगी।

ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात
एनएसजी प्रशिक्षित कमांडो के साथ पराक्रम वैन रणनीतिक स्थलों पर गश्त कर रही हैं। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं और परेड मार्ग पर लोगों की गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरा नजर रख रहे हैं। हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए विमान भेदी तोपों समेत सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति होंगे गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि  
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के विशेष अतिथि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा होंगे। वह अपनी पत्नी के साथ भारत के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भारत के अपने पहले दौरे पर आए 'विशेष मेहमान' अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा की अगवानी की। उनके साथ दक्षिण अफ्रीका की प्रथम महिला तथा उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी हैं। रामफोसा 70वें गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि हैं।

इन रास्तों से बचकर चलें
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, 25 जनवरी को शाम छह बजे से लेकर परेड पूरी होने तक राजपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसमें कहा गया है कि रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर 25 जनवरी रात 11 बजे से परेड समाप्त होने तक आर-पार ट्रैफिक की अनुमति नहीं होगी। 'सी'-हेक्सागन-इंडिया गेट पर 25 जनवरी को देर रात दो बजे से परेड के तिलक मार्ग पार करने तक ट्रैफिक बंद कर रहेगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) आलोक कुमार ने बताया कि 26 जनवरी को सुबह दस बजे से तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों तरफ से वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
 

Leave a Reply