आरोप / महिला को घर से उठाकर पीटा और फिर मुंह काला करके वीडियो बना सोशल मीडिया पर डाला

बटाला. गुरदासपुर जिले के घुमान इलाके में एक महिला ने पड़ोसियों पर उसे जबरदस्ती घर से उठाकर उससे मारपीट करने और मुंह काला करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, महिला की मानें तो उसके साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाल दिया गया। पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। महिला के समर्थन में आई जनवादी स्त्री सभा ने 11 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दे थाने का घेराव करने की बात कही है।

जनवादी स्त्री सभा पंजाब की जनरल सचिव नीलम घुमान ने कहा कि 17 मार्च रात करीब सवा 8 बजे बब्बू पत्नी महिंदर सिंह निवासी मढियाला को उनके पड़ोसी जबरन घर से उठाकर अपने घर ले गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका मुंह काला करके उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की गई।

इस संबंध में थाना घुमान पुलिस को भी लिखित शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने 17 दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते जनवादी स्त्री सभा अन्य जनतक जत्थेबंदियों के साथ 11 अप्रैल को थाना घुमान का घेराव करेगी और यह घेराव तब तक रहेगा, जब तक महिला को इंसाफ नहीं मिल जाता। पीड़ित महिला बब्बू ने बताया कि उसके पड़ोसी के बच्चे कहते हैं कि उनके पिता के साथ उसके संबंध हैं और फोन पर बातें करती हैं। इसलिए उन्हें शक है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है।

इस संबंध में थाना घुमान के एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि उक्त मामले संबंधी वह पिछले दो दिनों से दूसरे पक्ष के लोगों को थाने में बुला रहे हैं। लेकिन वह नहीं आ रहे। फिलहाल, थोड़ा वक्त उन्हें दिया गया है, अगर वह नहीं आते तो वह एक तरफी कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply