पत्नी-पत्नी के बीच हुआ विवाद, साले ने कर दी जीजा की हत्या

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के ग्राम बसहा में पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद के दौरान साले ने अचानक अपने जीजा पर डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया। पति पर हमला होते देख महिला बीच-बचाव करने लगी तब उसके ऊपर भी डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से आहत ग्रामीण की सिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी का सिम्स में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपित साले को हिरासत में ले लिया है।
मूलतः सीपत क्षेत्र के ग्राम बसहा निवासी फगुन सिंह धनुहार पिता चैतराम धनुहार (55) रतनपुर-पाली के बूटापारा में रहता था। दरअसल उसकी दो पत्नी है। एक पत्नी रातिन बाई बूटापारा में रहती है और उनके दो बेटे भी हैं।
फगुन सिंह भी उनके साथ ही रहता था। वह बीच-बीच में बसहा निवासी दूसरी पत्नी मंगलीन बाई (40) के पास मिलने आता था। बीते 31 मार्च को भी वह दूसरी पत्नी मंगलीनबाई के पास ग्राम बसहा आया था, तब से गांव में उसके साथ था। मंगलवार दोपहर मंगलीनबाई व फगुन सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
दोनों आपस में झगड़ा कर रहे थे। उसी समय मंगलीन का भाई वीर सिंह धनुषधर वहां पहुंच गया। उसने अचानक अपने जीजा फगुन सिंह पर डंडे से हमला कर दिया। पति पर हमला होते देख मंगलीन बीच-बचाव करने लगी, तब वीर सिंह ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पति-पत्नी के सिर में गंभीर चोटें आई और खून से लथपथ होकर घायल हो गए। इस घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सिम्स भेजा गया।
सिम्स में दोनों पति-पत्नी का उपचार चल रहा था। तभी बुधवार सुबह इलाज के दौरान फगुन सिंह ने दम तोड़ दिया। उसकी पत्नी मंगलीन का सिम्स में इलाज चल ही चल रहा है। इस घटना की सूचना पर सिम्स चौकी पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। सिम्स चौकी पुलिस ने हत्या की सूचना सीपत पुलिस को दी। तब हरकत में आई पुलिस ने आरोपित वीर सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
अनजान बनी रही सीपत पुलिस
सीपत क्षेत्र के ग्राम बसहा में मंगलवार दोपहर हुए इस प्राणघातक हमले के बाद गांव में दहशत फैल गया। ग्र्रामीण इस बात को लेकर चर्चा करते रहे। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को भी दी। लेकिन जब तक पुलिस गांव पहुंची, तब तक दोनों आहत को इलाज के लिए सिम्स भेज दिया गया था। फिर भी सीपत पुलिस इस गंभीर मामले में न तो आहतों की तरफ से कोई रिपोर्ट दर्ज की और न ही घटनास्थल गांव व सिम्स पहुंचकर आहत व उसके परिजन से पूछताछ की।
