देश की जनता चाहती है फिर मिले नरेंद्र मोदी का नेतृत्व: राकेश सिंह

भोपाल।  लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। मध्यप्रदेश में चार चरणों में इसकी शुरूआत 29 अप्रैल से शुरू होगी। नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें और फिर एनडीए की सरकार बने, ऐसा माहौल पूरे देश की जनता के भीतर है। जनता चाहती है कि उन्हें मोदी का फिर से नेतृत्व मिले। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता कमर कसकर चुनावी समर में उतर चुका है। जनता उसे आशीर्वाद देने के लिए तैयार बैठी है। इन सारी अनुकूलताओं से सारे विपक्षी दल और खासकर कांग्रेस भयभीत है। यह बात गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में लोकसभा क्षेत्रों के लिए डिजिटल रथों को रवाना करते हुए कही। उन्होने कहा कि यह डिजिटल रथ लोकसभा चुनाव में विजयी रथ साबित होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूणावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सह मीडिया प्रभारी संजय गोविंद खोचे, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, महापौर आलोक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी, सुराजो मालवीय, भोपाल जिला अध्यक्ष विकास विरानी एवं कार्यक्रम प्रभारी विकास बोंद्रिया सहित पार्टी पदाधिकारियों ने डिजिटल रथों को पार्टी का ध्वज दिखाकर रवाना किया। यह 26 डिजिटल रथ उन 13 लोकसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे जहां प्रथम चरण में चुनाव होना है। ये रथ स्क्रीन पर वीडियो दिखाकर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को मोदी सरकार द्वारा किए गए कामों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
– कांग्रेस को देश के विकास और अखण्डता से लेना-देना नहीं
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से भयभीत है और इसीलिए वह देश में अलग तरह का धु्रवीकरण चाहती है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में जो बातें कहीं हैं, उनसे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस को देश के विकास और देश की अखण्डता से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के भीतर अलग-अलग जातियां, वर्ग, समाज हैं और इन्हें वोट बैंक में बदलकर सत्ता हासिल करना ही कांग्रेस का पहला और अंतिम लक्ष्य है। चाहे उसके के लिए देश का कितना भी नुकसान क्यों न हो। सिंह ने कहा कि लेकिन देश की जनता जागरूक हो चुकी है। कांग्रेस ने जो घोषणा-पत्र जारी किया है,  उसे लेकर देश की जनता में आक्रोश है और इसलिए हम आशान्वित हैं कि पिछली बार 29 लोकसभाओं में से 26 लोकसभा हम जीते थे, इस बार हम सभी 29 लोकसभाओं में जीत हासिल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सुनील यादव, धैर्यवर्धन शर्मा, श्रीमती शशि सिन्हो, सुश्री सरिता देशपाण्डे, सुमित पचैरी, अंशुल तिवारी, नितिन दुबे, गोपाल तोमर, राजेन्द्र गुप्ता, सुमित रघुवंशी, राजकुमार विश्वकर्मा, जगदीश यादव, महेश शाक्य, विमलेश ठाकुर, राजेश्वर सिंह, भगवत रघुवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply