28 लाख की शराब समेत 2 गिरफ्तार, 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

अहमदाबाद | स्टेट मोनिटरिंग सेल ने गुरुवार की रात नाना चिलोडा सर्कल के निकट से 28 लाख रुपए से अधिक कीमत की विदेशी शराब समेत दो शख्सों को गिरफ्तार कर लिया है| पुलिस ने पीएसआई के पुत्र समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है|
चुनाव के चलते राज्यभर में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चल रहा है| अब तक राज्य में छह करोड़ रुपए से अधिक की शराब पकड़ी जा चुकी है| गुरुवार की रात स्टेट मोनिटरिंग सेल ने नाना चिलोडा सर्कल के निकट से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है| अन्य राज्यों से शराब लादकर ज्यादातर ट्रक चिलोडा-हिम्मतनगर हाईवे से गुजरते हैं| ऐसे ट्रकों को पकड़ने के लिए पुलिस मुखबिरों को सक्रिय कर देती है और उनसे मिली सूचना के आधार पर कार्यवाही करती है| गुरुवार को स्टेट मोनिटरिंग सेल को सूचना मिली थी कि राजस्थान के उदयपुर से बड़ी मात्रा में शराब लाई जा रही है| सूचना के आधार पर पुलिस नाना चिलोडा सर्कल पर वाहनों की जांच कर रही थी| उस वक्त पाउडर से लदे एक ट्रक की जांच करने पर उसमें से 28 लाख रुपए की शराब बरामद हुई| पाउडर की बोरियों की आड में विदेशी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं| पुलिस ने राजस्थान के चंगेडी निवासी ट्रक ड्राइवर उदयलाल वेरीराम रेगर और अहमदाबाद के कृष्णनगर क्षेत्र में रहनेवाली ललित मूलचंद जादव को गिरफ्तार कर लिया| ट्रक में विदेशी शराब राजस्थन निवासी मानसिंह शंकरलाल मीणा, शका उर्फ सुखलाल रूपलाल डांगी, दला भूरा रबारी, गुजरात के ईडर निवासी वाघजी होथी रबारी नामक चार शख्सों ने लदवाया था| ट्रक में लदी शराब अहमदाबाद के संतोष और बंसी नामक शख्सों को पहुंचाई जानी थी| चौंकाने वाली बात यह है कि मेहसाणा तहसील पुलिस थाने में सेवारत पीएसआई के पुत्र ने इतनी बड़ी मात्रा में शराब मंगवाई थी| पुलिस ने पीएसआई के पुत्र समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है|
