तोगडि़या की पार्टी के सिंबल पर गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे हियुवा के बागी सुनील सिंह

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हियुवा के बागी और हियुवा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने प्रवीण तोगड़िया की पार्टी के सिंबल पर गोरखपुर सदर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। सुनील सिंह ने बताया है कि वे प्रवीण भाई तोगड़िया की पार्टी हिन्दुस्थान निर्माण दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वे 27 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। सुनील सिंह कहते हैं कि गोरखपुर विहिप, हिन्दू महासभा, हिन्दू समाज पार्टी समेत तमाम हिन्दू संगठनों की ओर से समर्थन मिल रहा है। साल 2014 में वे साथ थे, तो पूर्ण बहुमत की सरकार बनी. लेकिन, पांच साल में राम को भूल गए। इस बार के उप चुनाव में परिणाम देखने को मिला है। इस बार और खराब हाल होने जा रहा है। गौरतलब है कि तोगड़िया की पार्टी ने 185 लोकसभा क्षेत्र में हिन्दुस्थान निर्माण दल ने उम्मीदवार घोषित किए हैं। दरअसल, 2017 विधानसभा चुनाव के दौरान सुनील सिंह ने योगी के मना करने के बाद भी हियुवा के उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। इसके बाद योगी के निर्देश पर सुनील सिंह को हियुवा से बर्खास्त कर दिया गया था, जिसके बाद सुनील सिंह ने हिंदू युवा वाहिनी से अलग होकर हिंदू युवा वाहिनी भारत नाम से एक अलग संगठन बना लिया था। बता दें कि पूरे देश और दुनिया की नजर गोरखपुर सीट पर टिकी हुई है। सपा ने जहां रामभुआल निषाद को चुनाव मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा से सपा के बागी सांसद प्रवीण निषाद को टिकट मिलने की संभावना प्रबल है। ऐसे में हियुवा के बागी सुनील सिंह ने चुनावी दंगल में कूदकर मुकाबला और रोचक बना दिया है।
