हार से बौखलाई भाजपा के विधायक धमकी देने लगे : हार्दिक पटेल

अहमदाबाद | कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने वाघोडिया के विधायक मधु श्रीवास्तव को लेकर भाजपा पर कड़ा प्रहार किया| हार्दिक पटेल ने कहा कि आगामी चुनाव में होनेवाली हार से भाजपा इतनी बौखला गई है कि उसके विधायक लोगों को धमकियां देने लगे हैं| हार्दिक पटेल ने ट्वीट कर कहा कि “हार से इतना बौखलाहट क्यों? वडोदरा में भाजपा का एक विधायक जनता को कह रहा है कि अगर भाजपा का कमल आपके गांव से नहीं निकला तो मैं आपको बाहर नहीं निकलने दूंगा| भाजपा तो धमकी पर उतर गई है| गुजरात इतना डरपोक है कि इनसे डर जाएगा? अरे नहीं इस बात तो हमने तय किया है परिवर्तन लाना है|”
बता दें कि वडोदरा से भाजपा उम्मीदवार रंजन भट्ट के प्रचार के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए वाघोडिया के विधायक मधु श्रीवास्तव ने खुलेआम कहा था कि आपके इलाके मेंकमल को वोट नहीं पड़े तो ठिकाने लगा दूंगा| वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अपनी सफाई में मधु श्रीवास्तव ने कहा कि मेरा वीडियो डबिंग कर वायरल किया गया है और मैं इसे वायरल करने वाले के खिलाफ मानहानि का केस करूंगा|
श्रीवास्तव के वीडियो को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता भरत पंड्या ने कहा कि यदि उन्होंने ऐसे शब्दों का प्रयोग किया है तो यह उचित नहीं| दूसरी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि यदि इसी प्रकार देश में भाजपा का शासन लंबा चला तो देश में लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकार खत्म हो जाएंगे| भाजपा नेताओं को समझ लेना चाहिए कि यह गांधी और सरदार का गुजरात है| यदि गरीबों को डराने का प्रयास किया जाएगा तो लोग अपने वोट के हथियार से उसका जवाब देंगे|
