पाकिस्तान को खौफ, 16 से 20 अप्रैल के बीच फिर हमला करेगा भारत

पाकिस्तान बालाकोट में एयर स्ट्राइक के करीब डेढ़ महीने बाद भी भारत के खौफ से उबर नहीं पाया है। उसे लगता है कि भारत उस पर एक बार फिर हमला कर सकता है। पाकिस्तान ने बेहद विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर दावा किया है कि भारतीय सेना इस महीने एक और हमला करने की तैयारी कर रही है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने रविवार को मुल्तान में पत्रकारों के सामने यह दावा किया। कुरैशी ने कहा, ‘हमारे पास विश्वसनीय जानकारी है कि भारत पाकिस्तान पर एक और हमले की तैयारी कर रहा है। हमारी जानकारी के मुताबिक, यह हमला 16 से 20 अप्रैल के बीच किया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो आप समझ सकते हैं कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर क्या असर पड़ने वाला है। हमारी सरकार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को हमले से जुड़ी अपनी आशंकाओं को लेकर पहले ही अवगत करा चुकी है। हम चाहते हैं कि विश्व समुदाय इस पर संज्ञान ले।’ 

हालांकि, पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने इस बात की जानकारी नहीं दी कि उन्होंने किस आधार पर यह टाइमिंग बताई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान देश के साथ इसकी जानकारी साझा करने के लिए तैयार हैं। उधर, भारत के विदेश मंत्रालय को इस संबंध में मीडिया की तरफ से भेजे गए ईमेल में पूछे गए सवाल का कोई जवाब नहीं मिला है। 

जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही इमरान सरकार : पीपीपी

विदेश मंत्री कुरैशी के इन दावों को पाकिस्तान में विपक्ष गंभीरता से नहीं ले रहा है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने आरोप लगाया कि इमरान सरकार अपनी कमियों को छिपाने के लिए भारत से युद्ध के खतरे का इस्तेमाल कर रही है। पीपीपी नेता नफीसा शाह ने कहा कि सरकार जनता से किए वादे पूरे करने में असफल रही है। अब वह भारत से युद्ध के खतरे को दिखाकर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। 

भारत ने 26 फरवरी को थी एयर स्ट्राइक

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को एक आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। अगले दिन 27 फरवरी को पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने भारत की हवाई सीमा में घुसने की नाकाम कोशिश की। इस हमले को भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने असफल कर दिया था।

बालाकोट से अब तक

39 दिन से लगातार एलओसी पर भारी हथियारों से फायरिंग कर रहा पाक
9 मार्च को भारत ने श्रीगंगानगर सेक्टर में पाक ड्रोन को मार गिराया
23 मार्च को फिर से श्रीगंगानगर और 3 अप्रैल को तरनातरन सेक्टर में गिराया पाक ड्रोन
1 अप्रैल को पंजाब के खेमकरन सेक्टर में दिखे पाक के एफ-16 लड़ाकू विमान
2 अप्रैल को भारत ने एलओसी पर पाक कब्जे वाले कश्मीर में 4 आतंकी लांचपैड ध्वस्त किए
39 दिन बाद पाक ने 6 अप्रैल को भारतीय विमानों के लिए 11 में से महज 1 हवाई मार्ग खोला

Leave a Reply