जबरदस्त अंधड़ ने किया जनजीवन अस्त-व्यस्त, चारों तरफ धूल ही धूल, तापमान गिरा

राजस्थान में रविवार शाम को बिगड़े मौसम के मिजाज ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया. कई इलाकों में आए तेज अंधड़ से चारों तरफ धूल का गुबार छा गया. इस दौरान कई जगह बारिश भी हुई. जबरदस्त अंधड़ के कारण कई जगह बिजली के पोल और पेड़ गिर गए और टीन टप्पर उड़ गए. मैरिज गार्डनों में टेंट उखड़ गए. तेज अंधड़ और कई जगह बारिश के बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई.
राजधानी जयपुर समेत हाड़ौती, शेखावाटी और बीकानेर संभाग कई इलाकों में रविवार शाम को धूल का जबरदस्त गुब्बार उठा. अंधड़ की गति इतनी तेज थी कि सड़कों पर चलना दूभर हो गया. दुपहिया और चार पहिया वाहनों के पहिए थम गए. चारों तरफ धूल ही धूल हो गई और अंधेरा छा गया. अंधड़ से बचने के लिए लोगों को इधर-उधर दुकानों और मकानों में शरण लेनी पड़ी. अंधड़ के चलते कई जगह आगजनी की घटनाएं भी हुई, जिससे लोगों को खासा नुकसान उठाना पड़ा. इस दौरान कई जगह हल्की बारिश भी हुई. चूरू के सरदारशहर इलाके के अमरसर गांव में अंधड़ के दौरान बिजली गिरने से तीन लोग घायल हो गए.
कोटा में बारदाने के गोदाम और खेत में लगी आग

कोटा शहर में शुरुआत में चली तेज हवाएं देखते ही देखते 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के तूफान में बदल गई. एशिया की सबसे बड़े भामाशाहमंडी में स्थित तीन व्यापारियों के बारदाने से भरे तीन गोदामों में भीषण आग लग गई. करीब एक से डेढ़ घंटे तक धधकी इस आग से लाखों का बारदाना जलकर राख हो गया. कोटा थर्मल पावर स्टेशन से पांच दमकलों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके अलावा राधिका रिसोर्ट के पास गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई.
 

Leave a Reply