आयकर विभाग का छापा जारी, यहां देखें अभी तक के बड़े खुलासे

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों के यहां आयकर विभाग का छापा अभी भी जारी है. करीब 35 घंटे से यह कार्रवाई की जा रही है. कमलनाथ के निजी सचिव प्रवीण कक्कड़ के करीबी प्रतीक जोशी और अश्विन शर्मा के भोपाल स्थित घरों पर छापेमारी में अब तक 9 करोड़ रुपए नकद मिलने की सूचना है.
बताया जा रहा है कि बड़ी मात्रा में कैश बरामद हो सकता है. इससे पहले रविवार देर रात नोट गिनने की छह मशीन बुलवाई गई थीं. सूत्रों के मुताबिक, अश्विन के पास मिले 11 बैग खुलना बाकी हैं, इनमें और नकदी मिल सकती है.
रविवार सुबह तीन बजे शुरू हुआ छापा
छापे की कार्रवाई दिल्ली की आयकर टीम कर रही है. टीम के साथ सीआरपीएफ टीम भी सुरक्षा के लिए लगाई गई है. मध्यप्रदेश में इंदौर और भोपाल में कुल 6 ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई. हालांकि यहां छापे का केंद्र अश्विन शर्मा थे. आशंका जताई जा रही है कि शर्मा ने कांग्रेस सरकार बनने के बाद ट्रांसफर और पोस्टिंग में अहम भूमिका निभाई है.
दिल्ली में भी छापा
कमलनाथ के करीबी आरके मिगलानी के दिल्ली स्थित आवास पर भी छापा मारा गया है. मिगलानी मुख्यमंत्री कमलनाथ के सलाहकार हैं. वे कमलनाथ से करीब चार दशकों से जुड़े हुए हैं. इसके अलावा कमलनाथ के भांजे रातुल पुरी के भी ठिकानों पर छापा मारा गया है.
भोपाल में सीआरपीएफ और एमपी पुलिस के बीच टकराव
रविवार देर रात आयकर विभाग के जूनियर अधिकारियों ने दिल्ली से आए असिस्टेन्ट कमिश्नर पर कार्रवाई में अड़चन डालने का आरोप भी लगाया है. CRPF के अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश पुलिस उन्हें काम नहीं करने दे रही है. वहीं एसपी सिटी भोपाल भूपिंदर सिंह ने कहा, 'इनकम टैक्स और चल रहे छापे से हमारा कोई लेना-देना नहीं है.'
सोमवार दोपहर तक कार्रवाई जारी
करीब 35 घंटों से छापे की कार्रवाई जारी है. अभी तक आयकर विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. उम्मीद की जा रही है कि सोमवार शाम तक इस मामले में आईटी की तरफ से आधिकारिक बयान सामने आ सकता है. इस बीच राजनीतिक बयान बाजियां जरूर हो रही हैं.
