शिवसेना-बीजेपी उम्मीदवार अरविंद सावंत नामांकन के लिए रवाना, कई नेता मौजूद

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए नामांकन भरने के लिए शिवसेना-बीजेपी के उम्मीदवार अरविंद सावंत का काफिला रवाना हो गया. मुम्बई की साउथ मुम्बई सीट से उम्मीदवार अरविंद सावंत के साथ इलाके के दो बीजेपी विधायक राज पुरोहित और मंगल प्रभात लोढ़ा सहित कई नेता मौजूद हैं. अरविंद सावंत के खिलाफ इस सीट पर कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा खड़े हैं. ऐसे में दोनों नेताओं के बीच कड़ी टक्कर है.
इस दौरान अरविंद सावंत ने कहा कि मिलिंद देवड़ा पांच सालों में कभी घर से नही निकले. कोई फर्क नहीं पड़ने वाला. हम दोगुने मार्जिन से जीत रहे हैं इस बार. मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे. कांग्रेस ने पिछले 60 सालों से गरीबी हटाओ का नारा दिया था. क्या उन्होंने पूरा किया? राज ठाकरे के प्रचार से कोई असर नही पड़ने वाला है.
ध्यान रहे कि दक्षिण मुंबई सीट को लेकर दोनों ही पार्टियां काफी जोर लगा रही हैं. जहां बीजेपी इस सीट पर कब्जा बरकरार रखने की कोशिश करेगी वहीं कांग्रेस इस बार इस सीट को अपने खाते में लाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएगी. खास बात यह है कि महाराष्ट्र की सभी 48 सीटों में से दक्षिण मुंबई सबसे धनाड्य सीट है. इस लोकसभा सीट के इलाके में धनी अभिनेता, अमीर नेता, उद्योगपति आदि हस्तियां रहती हैं. वहीं बॉम्बे हाईकोर्ट सहित, मंत्रालय, राजभवन, बीएमसी कार्यालय आदि मौजूद हैं.
