भाजपा का घोषणा पत्र महज नया जुमला-पत्र : शोभा ओझा

भोपाल ।  प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा ने कहा है कि मोदी सरकार ने देश की जनता के विश्वास में विष घोल दिया है। जिस सरकार के 2014 के घोषणा पत्र पर ही 125 सवाल खड़े हों उस सरकार पर भरोसा कैसे किया जाये। भाजपा ने आज एक बार फिर जनता के सामने झूठ परोस कर अपना जुमला पत्र तैयार किया है। मोदी लहर के चलते भाजपा 2014 में सत्ता में तो आ गई, किंतु देश की जनता अब उनके इस जुमला-पत्र को खारिज कर उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने प्रति वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, किंतु उसके उलट चार करोड़ 70 लाख नौकरियां भाजपा डकार गई और युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया।
श्रीमती ओझा ने कहा कि किसानों को लागत का 50 फीसदी मुनाफा देने का वादा किया था, जुमलों की खेती के झांसे में फंसकर आज देश का किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। नक्सलवाद खत्म करने का वादा भी जुमला साबित हुआ। काला धन वापिस लाना तो दूर जनता की बचत की गाढ़ी कमाई मोदी ने हथिया ली। वहीं दूसरी ओर ललित मोदी, नीरव मोदी, मेहुल चैकसी, विजय माल्या जैसे उद्योगपति देश का हजारों करोड़ रूपया लेकर भाग गये और मोदी चुप्पी साधे बैठे रहे। 
शोभा ओझा ने कहा कि दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों पर भाजपा ने कुठाराघात किया है। आदिवासियों से वन-भूमि का अधिकार छीना। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नाम पर धोखा किया गया। बढ़ती महंगाई पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने लोगों की कमर तोड़ दी। स्मार्ट सिटी के नाम पर सिर्फ जुमलेबाजी की गई। 
श्रीमती ओझा ने कहा कि भाजपा द्वारा जारी किया गया घोषणा-पत्र महज जुमला पत्र साबित हुआ है। घोषणा पत्र कागजों पर स्याही से लिखा वहीं पुराना जुमला है जो महज पानी के छीटें पडते ही धुल जायेगा। देश की जनता अब भाजपा के झूठ, फरेब और धोखे की राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। इस लोकसभा चुनाव मंे जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाकर केंद्र में कांगे्रस की सरकार बनायेगी।

Leave a Reply