महाराष्ट्र / 3000 पर्यटकों को लेकर मुंबई पहुंचा 14 मंजिला कोस्टा लुमिनोसा क्रूज, यहां से मालदीव जाएगा

3000 अतिथियों की सेवा-सत्कार करने की क्षमता रखने वाले 14 मंजिला कोस्टा लुमिनोसा क्रूज ने मुंबई के इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल पर डेरा डाला है। यह क्रूज 109 दिनों के वर्ल्ड टूर पर निकला है, जो मुंबई से मालदीव तक जाएगा। 26 मार्च को यह क्रूज सिंगापुर से रवाना हुआ था।
समुद्र पर तैरता “छोटा गांव” कहते हैं लोग
14 डेक (मंजिल) वाले कोस्टा लुमिनोसा क्रूज को समुद्र पर तैरता “छोटा गांव” इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि क्रूज पर क्रू मेंबर समेत लगभग 3 हजार लोग सवार हैं। यह संख्या देश के किसी छोटे से गांव की जनसंख्या के बराबर है। क्रूज में कुल 1,130 केबिन हैं। 120 मुरानो कांच के झूमर लगे हुए हैं। इसके अलावा 3 स्विमिंग पुल, 5 रेस्टोरेंट, डिस्को और सिनेमागृह भी उपलब्ध हैं।
नवंबर से कोस्टा विक्टोरिया क्रूज भी शुरू होगा
भारत में कोस्टा क्रूज की प्रतिनिधि और लोट्स डेस्टिनेशन मैनेजिंग डायरेक्टर नलिनी गुप्ता ने बताया कि कोस्टा लुमिनोसा से पहले इसी कंपनी के कोस्टा नेओरिविएरा ने 2018 में मुंबई के क्रूज टर्मिनल को होमपोर्ट बनाया था। जिसने अब तक 10 हजार से अधिक भारतीय टूरिस्टों को समुद्र की सैर कराई है।
उन्होंने बताया कि चूंकि भारत में क्रूज टूरिस्टों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए कोस्टा ने ओरिविएरा से भी बड़ा क्रूज कोस्टा विक्टोरिया नवंबर 2019 से मुंबई से शुरू करने की योजना है। यह क्रूज 14 मंजिला (डेक) होगा। मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय भाटिया ने बताया कि मुंबई में हर साल विदेशी टूरिस्टों के साथ क्रूज आने की संख्या बढ़ रही है। इसकी वजह से मुंबई के क्रूज टर्मिनस को अत्याधुनिक बनाने का कार्य चल रहा है, जो इस साल के आखिर तक पूरा हो जाएगा।
हर साल मुंबई में आते हैं 59 क्रूज
गौरतलब है कि मुंबई में हर साल लगभग 59 क्रूज आते हैं। क्रूज टूरिज्म की क्षमता को देखते हुए मुंबई से गोवा के लिए अंग्रीया नामक क्रूज भी चलाया जा रहा है। फिलहाल, देश में मुंबई के अलावा चेन्नई और कोच्चि से ही क्रूज सर्विस उपलब्ध है।
