प्रिया दत्त के पास 87 करोड़ की संपत्ति, 3 करोड़ की कर्जदार भी हैं

मुंबई. अभिनेता संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने सोमवार की सुबह प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करने के बाद मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी कार्यालय में कांग्रेस पार्टी की ओर से नामांकन दाखिल किया। उन्होंने नामांकन पत्र के साथ दिए गए हलफनामे में चल और अचल मिलाकर कुल 87.61 करोड़ की संपत्ति होने का दावा किया है।
प्रिया दत्त की संपत्ति
कांग्रेस प्रत्याशी प्रिया दत्त अभिनेता स्व. सुनील दत्त की बेटी हैं। वे एकबार फिर से मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने चुनावी हलफनामे में 17.84 करोड़ की चल और 69.77 करोड़ की अचल संपत्ति होने की जानकारी दी है। इसके साथ ही स्वयं पर 3.35 करोड़ की देनदारी होने का भी जिक्र किया है। प्रिया दत्त ने हलफनामे में स्वयं के पास वर्तमान में 13.04 लाख रुपये कैश होने की बात कही है। उनके पास 13.85 लाख का गोल्ड और 19.12 लाख का डायमंड ज्वेलरी है।
पति के पास 8 करोड़ की संपत्ति
प्रिया के पति ओवेन रानकान के पास चल और अचल मिलाकर कुल 8.10 करोड़ की संपत्ति है। इसी तरह प्रिया के बेटे सिद्धार्थ के पास 24.65 लाख और सुमैर के पास 24.10 लाख रुपये की चल संपत्ति है।
