उद्धव ठाकरे के आदेश पर रामदास कदम दिल्‍ली रवाना, राजनाथ सिंह से करेंगे मुलाकात

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के आदेश के बाद पर्यावरण मंत्री रामदास कदम दिल्ली रवाना हो गए हैं. कदम मंगलवार सुबह 9 बजे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे. बताया जा रहा है कि इस दौरान महाराष्‍ट्र के मछुआरों की मांगों पर चर्चा होगी. पिछले कुछ समय से मछुआरे पर्सिसन नेट और एलईडी लाइट से मछली मारे जाने का विरोध कर रहे हैं.

गौरतलब है कि मछुआरों ने लोकसभा चुनावों के बहिष्‍कार की धमकी दी है. जिसको लेकर शिवसेना और बीजेपी बातचीत करने जा रही हैं. महाराष्ट्र राज्य मछलीमार संघ के अध्यक्ष रामदास संदे के अनुसार, राज्य में करीब 11,000 मशीनी नौका में से आधी से ज्यादा समुद्र में नहीं भेजी जा रही हैं. पर्सिसन जाल से मछली मारने से भी काफी नुकसान हो रहा है. पर्सिसन जाल में बड़ी मछलियों के साथ-साथ छोटी मछलियां भी फंस जाती हैं. इसके बाद बड़ी मछलियां मिलने में मुश्किल होती है.

संदे कहते हैं कि पिछले कुछ समय से रात में एलईडी लाईट का इस्तेमाल कर पर्सिसन जाल से मछली पकड़ी जा रही हैं. मछलियों की कमी का एक कारण यह भी है. उन्होंने कहा कि समुद्र में बढ़ते प्रदूषण का भी असर है. शहरों के गंदे पानी, प्लास्टिक आदि कचरे समुद्र के हवाले किए जा रहे हैं. जिससे मछलियां मर रही हैं.

Leave a Reply