चीन ने उत्तर कोरिया के लिए खोली नई सीमा खोली

बीजिंग। परमाणु प्रतिबंधों में राहत को लेकर अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत पटरी से उतरने के बाद भी चीन के एक शहर ने उत्तर कोरिया के लिए एक नई सीमा खोल दी है। इस सीमा में परमाणु विकिरण की पहचान के लिए उपकरण ( न्यूक्लियर डिटेक्टर) लगाए गए हैं। उत्तर पूर्व के जियान शहर में यह नई राजमार्ग सीमा खोली गई। जियान शहर की वेबसाइट पर प्रकाशित बयान में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि तीन साल के अथक प्रयासों के बाद चीन – उत्तर कोरिया जियान – मैनपो राजमार्ग बंदरगाह को खोला गया है। इस परियोजना की लागत 28 करोड़ युआन (4.2 करोड़ डॉलर) है। इस मार्ग से सालाना 5,00,000 टन उत्पाद और 2,00,000 लोगों के सीमा पार करने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह के बाद , पहले 120 यात्रियों ने सीमा को पार किया। दोनों देश के बीच हाल वर्षों में संबंधों में सुधार आया है, जिसके चलते चीन के पर्यटन विभाग ने उत्तर कोरिया के लिए दरवाजे खोले हैं। इस मार्ग में परमाणु विकिरण की पहचान के लिए गेट भी लगाया गया है। चीन उत्तर कोरिया की परमाणु गतिविधियों से किसी तरह के खतरे को लेकर लंबे समय से चिंतित है। सितंबर 2017 में सीमा पार बम परीक्षण के बाद जिलिन शहर में भूकंप आ गया था।
