लालू की पाती / बेल खारिज होने पर बोले लालू- जेल में हूं, आप ही हैं लालू्

पटना. राजद अध्यक्ष लालू यादव ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत खारिज होने पर जेल से ही समर्थकों को भावनात्मक पत्र लिखा है। पत्र में कहा, लोकतंत्र का उत्सव चल रहा है और मैं रांची के अस्पताल में अकेले बैठकर चिंतन कर रहा हूं। उम्र के साथ शरीर साथ नहीं दे रहा पर आन और आबरू की लड़ाई में लालू की ललकार हमेशा रहेगी। चिंता की बात यह है कि क्या विध्वंसकारी शक्तियां मुझे इस तरह कैद कराके बिहार में फिर किसी षड़यंत्र की पटकथा लिखने में सफल हो पाएंगी। मैं कैद में हूं, मेरे विचार नहीं। हमको भी बार बार जेल में रखकर हिम्मत तोड़ने का कोशिश की, पर मेरा पूरा परिवार और राजद मैदान में डटा है।
 
लालू ने आगे लिखा कि इसकी सबसे बड़ी वजह दलित-बहुजन साथियों की ताकत ही है। मैं बिहारवासियों के साथ धोखा नहीं होने दूंगा। इस बार का चुनाव पहले जैसा चुनाव नहीं है। देश, समाज और आपको बराबरी से सिर उठाकर चलने का जज्बा देने वाला लालू का भी सब कुछ दांव पर हैं। लड़ाई आर-पार की है। दुश्मन आपकी ताकत तौल रहा है। कभी बिना दस्तावेज़ और सर्वेक्षण के सवर्णों को आरक्षण दे कर तो कभी रोस्टर सिस्टम को बदलकर या अजा-अजजा पर उत्पीड़न के कानून को कमज़ोर करके। कोई सोंटा भांज रहा है तो कोई राम जी को भांज रहा है। 

टिकट कटने वालों से की अपील- सबकुछ भुला आरक्षण व संविधान बचा लीजिए 
लालू ने कहा है- राजद के सिपाहियों और दलित बहुजन साथियों, गठबंधन में कई दल हैं, सीट बंटवारे में सबका ध्यान रखना पड़ा। कई नेता, कार्यकर्ता जिन्हें टिकट नहीं मिला उनसे अपील है कि सबकुछ भुलाकर दलित बहुजन समाज का आरक्षण और संविधान बचा लीजिए। देश को खेत समझिए और जानिए कि अगर अपना समाज खेत बचा लेगा तो फसल फिर लगेगी। तब बराबरी से सब दलित बहुजन की भागीदारी होगी। ऐसे में हाथ जोड़कर आग्रह है कि एकता कायम करिए, संघर्ष कीजिए। दिल्ली के तख्त पर वंचित समाज के लोगों का कब्ज़ा ज़रूरी है। 

चेताया-अगर चूक गए तो हमेशा के लिए चुक जाइएगा 
ई नौटंकी सरकार है। कभी देश, कभी हिंदू के खतरे की बात कर गुलाम रखना चाहता है। लालू के रहते कोई जालीबाज इधर झांकने की भी हिम्मत नहीं करता था। पर ई सरकार निशाचर लोगों की सरकार है। रात में जब आप सोये रहते हैं तो ये हमला करता है और आपकी मति फेर कर आपको अपने ही खिलाफ काम करने पर मजबूर कर देता है। लालू का हौसला मजबूत है उससे भी मजबूत है उसके सिपाही का। लालच का, धर्म का, धमकी का सब लाठी फेल हो जाएगा। 

'मोदी सरकार आरक्षण ख़त्म करने पर तुली है'

लालू ने कहा मेरे गले में सरकार और चालबाजों का फंदा कसा है। हर आदमी को लालू बनना होगा. लालू की तरह लड़ना होगा। सामने चाहे कितनी भी मुश्किल हो, धमकी हो, लालच हो डटकर लड़ना होगा, तभी प्रतिष्ठा बचेगी। आप जानते ही है कि किस प्रकार मोदी सरकार आरक्षण ख़त्म करने पर तुली है। आप दलित-बहुजन साथी अगर पूरी गोलबंदी से सड़क पर कोहराम नहीं मचाते तो दलित-बहुजन के आरक्षण को मोदी सरकार ने अबतक समाप्त कर दिया होता। जागते रहना है और बाबा साहब, महात्मा फुले का अलख जगाते हुए उन्हें दिल्ली से खदेड़ देना है।
 

Leave a Reply