डिलिवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का आरोप- लगाते रहे उपचार की गुहार, नर्स सोती रही

पृथला के गांव मोहना में सरकारी अस्पताल में एक महिला की डिलीवरी के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल की स्टाफ नर्स पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है और पुलिस को नर्स के खिलाफ शिकायत भी दी है.
वहीं सीएमओ ने भी महिला की मौत की लापरवाही के मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि वह नर्स से उपचार की गुहार लगाते रहे लेकिन नर्स सोती रही.
मोहना निवासी सुनीता को उसके परिजनों ने देर रात प्रसव पीड़ा के चलते गांव के ही सरकारी प्राइमरी हेल्थ सेंटर में डिलीवरी के लिए दाखिल कराया था. परिजनों की मानें तो देर रात सुनीता को नॉर्मल डिलीवरी के बाद बच्चा पैदा हो गया. लेकिन सुनीता की ब्लीडिंग बंद नहीं हुई.
उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्टाफ नर्स पवन को कई बार बोला लेकिन नर्स सोने के लिए चली गई और उनको कहा कि महिला को इंजेक्शन लगा दिया है वह ठीक हो जाएगी. लेकिन सुबह करीब 5:00 बजे सुनीता की तबीयत बिगड़ गई और उसे आनन-फानन में स्टाफ नर्स पवन ने फरीदाबाद बादशाह खान अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.
परिजनों की मानें तो रास्ते में ही सुनीता ने दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि रात के समय कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था केवल नर्स ही अस्पताल में मौजूद थी और उसको वे लगातार सुनीता की खराब हालात के बारे में बताते रहे लेकिन उसने एक ना सुनी जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी है.
