कांग्रेस से इस्तीफे के बाद अल्पेश ठाकोर निर्दलीय प्रत्याशी के प्रचार में लगे

अहमदाबाद | बुधवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पाटण के विधायक अल्पेश ठाकोर प्रचार कार्य में जुट गए हैं| कांग्रेस प्रत्याशी नहीं बल्कि ठाकोर सेना के उम्मीदवार स्वरूजी ठाकोर के समर्थन में अल्पेश ठाकोर प्रचार कर रहे हैं| आज सुबह अल्पेश ठाकोर ने निर्दलीय प्रत्याशी स्वरूजी ठाकोर के कार्यालय का उदघाटन किया और उसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कड़े प्रहार किए| अल्पेश ठाकोर ने कहा कि कांग्रेस ने ठाकोर समाज के साथ विश्वासघात किया है और उसका हमें जवाब देना है| उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकट का सौदा होता है| पिछले छह महीने से मंथन कर रहा था और आखिर मैंने कांग्रेस से अलग होने का फैसला कर लिया| 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अल्पेश ठाकोर कांग्रेस को बहुत अच्छा लगता था, परंतु अब खराब लगने लगा है| उन्होंने कहा कि हमें भाजपा और कांग्रेस दोनों को परास्त कर अपनी ताकत दिखानी है, ताकि कोई पार्टी यह न कहे कि बनासकांठा समीकरण नहीं बैठ रहा| जिन लोगों ने अल्पेश ठाकोर को मजबूर किया है, उन्हें यह बताना जरूरी है| अल्पेश ने कहा कि जब हमने कांग्रेस को समर्थन दिया, तब काफी सपने थे| कांग्रेस तब संघर्ष कर रही थी और पिछले कई चुनाव में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं था| जिसे ठाकोर सेना आगे ले गई| ठाकोर ने कहा कि जब मैं कांग्रेस से जुड़ा तब मेरी ठाकोर सेना को काफी सम्मान मिला, लेकिन चुनाव के बाद हमारे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाने लगी| अल्पेश ने कहा कि वह राजनीति में नई क्रांति और सत्य उजागर करने आए हैं|

Leave a Reply