दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत….

मंगलवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली वासियों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन भर खिली रही तेज धूप के चलते सात जगहों पर लू भी चली। लेकिन देर शाम चली धूल भरी हवाओं ने इस भीषण गर्मी से थोड़ी राहत दी।
तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बुधवार से अगले चार- पांच दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 53 से 31 प्रतिशत रहा। नजफगढ़ में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, यह इलाका राजधानी में सबसे गर्म रहा।
राष्ट्रीय राजधानी के 22 में से सात मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इन सभी जगह लू चली। शाम होते होते स्थितियां बदलने लगी।
48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं धूल भरी हवाएं और आसमान में छाए बादलों ने शाम को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत दी।
चलेंगी तेज हवाएं
बुधवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ आज और कल हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में वर्षा, ओलावृष्टि और तेज हवाएं लाएगा। इसके चलते गुरुवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।
