बिहार बोर्ड परीक्षा: इंटर कंपार्टमेंटल फॉर्म भरने की आखिरी तारीख आज, जानिए मुख्य बातें

पटना : इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल-सह-विशेष परीक्षा, 2019 में शामिल होने के लिए छात्र शुक्रवार तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वे बिना बिलंब शुल्क के फॉर्म भर सकते है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से पांच अप्रैल से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि घोषित की गई थी। लेकिन विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आग्रह पर तिथि में विस्तार करते हुए 12 अप्रैल तक बिना बिलंब फॉर्म भरने का समय दिया गया है।
वार्षिक की तरह आयोजित होगी प्रायोगिक परीक्षा
इस परीक्षा के दौरान वार्षिक परीक्षा की तरह ही छात्रों को प्रायोगिक परीक्षा व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इस परीक्षा में इंटर वार्षिक परीक्षा 2019 के लिए नियमित-स्वतंत्र कोटि के वैसे रजिस्टर्ड एवं सेंट-अप परीक्षा में उत्तीर्ण परीक्षार्थी, जिनका शिक्षण संस्थान की लापरवाही के कारण परीक्षा फॉर्म एवं परीक्षा शुल्क ऑनलाइन नहीं भरा गया, ऐसे विद्यार्थियों को सभी विषयों की परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
पूर्ववर्ती कोटि के वैसे परीक्षार्थी, जिन्होंने पूर्ववर्ती के रूप में अपने शिक्षण संस्थान में परीक्षा आवेदन एवं शुल्क जमा किया, परंतु शिक्षण संस्थान के प्रधान की लापरवाही के कारण उनके परीक्षा फॉर्म को ऑनलाइन करते समय उन्हें पूर्ववर्ती के बदले कंपार्टमेंटल कर दिया गया और सुधार नहीं हो सका, भी भर सकेंगे। इसमें सेंटर पर विलंब के कारण छूटे छात्र भी देंगे परीक्षा फॉर्म भर कर दे सकेंगे।
पूर्व में दिया है शुल्क तो अब महज 70 रुपये लगेंगे
समिति ने परीक्षा शुल्क को लेकर स्पष्ट किया है कि वैसे सभी कोटि के परीक्षार्थियों, जिनके द्वारा संबंधित प्लस टू विद्यालय-महाविद्यालय में निर्धारित अवधि में परीक्षा शुल्क की राशि जमा की गयी है, परन्तु शिक्षण संस्थान के प्रधान द्वारा गलती के कारण ऑनलाइन शुल्क नहीं जमा किया गया। ऐसे छात्रों को अब इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल-सह-विशेष परीक्षा, 2019 में सम्मिलित होने के लिए शुल्क नहीं देना होगा।
उन्हें अब आवेदन करते समय परीक्षा प्रोसेसिंग चार्ज के रूप में 70 रुपये संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना होगा। ऑनलाइन परीक्षा आवेदन भरने या परीक्षा शुल्क जमा करने में किसी प्रकार की असुविधा होने पर समिति के हेल्पलाइन नं. -0612-2230039, 2235161 पर संपर्क कर सकते हैं।
