महाराष्ट्र / भाजपा-शिवसेना के विरोध में राज ठाकरे करेंगे 6 जनसभाएं, आज नांदेड़ से शुरुआत

 
मुंबई. अपनी पार्टी को लोकसभा चुनाव से बाहर कर चुके मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे भाजपा-शिवसेना के खिलाफ प्रदेश भर में छह सभाएं करेंगे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की पहली सभा शुक्रवार को नांदेड़ में होगी। 
 
राज नांदेड़ शहर के नए मुंडा मैदान में पार्टी की सभा को संबंधोति करेंगे। नांदेड़ सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण हैं।

यहां-यहां भी राज ठाकरे की जनसभा

मनसे की दूसरी सभा 15 अप्रैल को सोलापुर में होगी। सोलापुर में कांग्रेस उम्मीदवार सुशील कुमार शिंदे मैदान में हैं। राज ठाकरे 16 अप्रैल को कोल्हापुर में सभा करेंगे। इसके बाद 17 अप्रैल को सातारा, 18 अप्रैल को पुणे और 18 अप्रैल को रायगड में मनसे की सभा होगी। रायगड सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील तटकरे हैं। तटकरे का मुकाबला शिवसेना उम्मीदवार व केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री अनंत गीते से है। राज ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के विरोध में प्रचार करने की घोषणा की थी। राज अपनी सभाओं के जरिए मोदी सरकार पर हमला बोलेंगे। विपक्षी दल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस को उम्मीद है कि राज की सभा से दोनों दलों के उम्मीदवारों को फायदा होगा। 

कांग्रेस के निरुपम के खिलाफ मनसे

एक तरफ मनसे जहां अप्रत्यक्ष रुप से कांग्रेस-राकांपा उम्मीदवारों का समर्थन कर रही है, वही पार्टी ने साफ किया है कि उत्तर-पश्चिम से काग्रेस उम्मीदवार संजय निरुपम का समर्थन नहीं किया जाएगा। मनसे के वरिष्ठ नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि निरुपम मराठी द्रोही हैं, इस लिए पार्टी के कार्यकर्ता उनके लिए काम नहीं करेंगे। गौरतलब है कि मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निरुपम ने मनसे को कांग्रेस-राकांपा महागठबंधन में शामिल किए जाने का कड़ा विरोध किया था।

Leave a Reply