भोपाल में सभी जगहों से हटाया जाएगा हमीदिया नाम!

अस्पताल, कॉलेज, रोड का नाम बदलने की तैयारी, अब तक इनके बदले जा चुके हैं नाम

भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सभी जगहों से हमीदियानाम हटाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, हमीदिया अस्पताल, हमीदिया कॉलेज और हमीदिया रोड का नाम बदलने की तैयारी हैं। भोपाल नगर निगम हमीदिया रोड का नाम बदलेगा, जबकि कॉलेज और अस्पताल का नाम बदलने के लिए सरकार से सिफारिश करेगा।
इस पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि अब क्या ताजमहल, कुतुबमीनार का नाम भी बदला जाएगा संगठन प्रभारी चंद्र प्रभाष शेखर ने कहा कि धर्म के आधार पर नाम परिवर्तन नहीं होना चाहिए। अब क्या ताजमहल का नाम और कुतुबमीनार का नाम भी बदला जाएगा।
भोपाल में इसके पहले भी नाम बदलने की मांग उठ चुकी हैं। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भी मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि नवाब हमीदुल्ला ने भोपाल की आजादी का विरोध किया था। हमीदउल्ला भोपाल रियासत को पाकिस्तान में शामिल करना चाह रहे थे। भोपाल की आजादी के विरोधी के नाम पर अस्पताल का नाम नहीं होना चाहिए। नवाब हमीदउल्ला के नाम पर हमीदिया अस्पताल का नाम पड़ा है।
बता दें कि इसके पहले भोपाल के हबीबगंज का नाम बदलकर रानी कमलापति, इस्लाम नगर का नाम बदलकर जगदीशपुर, ऐशबाग स्टेडियम का नाम भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग, जहांगीराबाद से पुल पात्रा के मार्ग का नाम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर, गुफा मंदिर से सुलतानिया इन्फेंट्री लाइंस की सड़क का नाम शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के नाम पर किया गया है।

Leave a Reply