अंबेडकर की मूर्ति खंडित करने पर हंगामा, पुलिस-प्रशासन के आश्वासन के बाद हुआ मामला शांत

घरौंडा के अंबेडकर चौक पर शुक्रवार को किसी शरारती तत्व ने बाब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति खंडित कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के गांव व घरौंडा से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और इसके विरोध में नारेबाजी करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
अल सुबह आसपास के लोगों ने अंबेडकर की मूर्ति को खंडित देखा तो यह सूचना तेजी से फैल गई। जिस वजह से करीब 100 से ज्यादा लोग वहां इकट्ठा होकर लोग नारेबाजी करने लगे। मौके पर डीएसपी रामदत्त, एसडीएम गौरव कुमार, नायब तहसीलदार, नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश पहुंचे।
लोगों की मांग थी कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मूर्ति लगवाई जाए। एसडीएम गौरव कुमार ने जल्द से जल्द मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल खंडित मूर्ति को ढक दिया गया है।
