मजदूर ने बेकरी में फांसी लगाकर की खुदकुशी, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

राजस्थान के झुंझुनूं में एक बेकरी में काम करने वाले मजदूर ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक झुंझुनूं के कमर कॉलोनी में मौजूद बेकरी के बाथरूम में आज सुबह मजदूर ने फांसी लगाकर जान दे दी. वहीं मृतक की शिनाख्त यूपी के कन्नौज जिले के 30 वर्षीय इस्पाक के रूप में हुई है. बता दें कि युवक कमर कॉलोनी में मौजूद बेकरी में कई सालों से काम करता था. इस्पाक बेकरी में ही बने अलग से आवासीय कमरों में रहता था.

बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब पांच बजे बेकरी मालिक के कोई परिचित बाहर से आ रहे थे, जिन्हें लाने के लिए मालिक का बेटा इस्पाक के पास पहुंचा तो उसकी लाश बाथरूम में लटकी हुई मिली, जिसके बाद तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. कोतवाली पुलिस ने शव को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. साथ ही परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
 

Leave a Reply