तीन मंत्रियों की मौजूदगी में कांग्रेस प्रत्याशी टिपानिया ने भरा नामांकन पर्चा

शाजापुर । लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलादसिंह टिपानिया ने देवास संसदीय क्षेत्र से शुक्रवार को प्रदेश के तीन मंत्रियों की उपस्थिति में नामांकन पर्चा दाखिल किया। इसके पूर्व शहर के विभिन्न मार्गों से शानदार रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में टिपानिया समर्थकों ने एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। इसके पश्चात कलेक्टर कार्यालय में नामांकन पर्चा भरा गया। उस समय जलसंसाधन मंत्री हुकुमसिंह कराड़ा, मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, प्रभारी मंत्री जीतू पटवारी उपस्थित थे। इसके पूर्व गुरूवार को इस लोकसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी महेंद्रसिंह सोलंकी ने नामांकन दाखिल किया था। रिटर्निंग अधिकारी एवं शाजापुर कलेक्टर श्रीकांत बनोठ को नामांकन दिया गया। कांग्रेस प्रत्याशी टिपानिया की नामांकन रैली धोबी चैराहे से प्रारंभ हुई जो कि नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंची। मीडियाकर्मियों से चर्चा में टिपानिया ने कहा कि मुहूर्त में नामांकन भरा है। यहां उल्लेखनीय है कि नामांकन पर्चा दाखिल करने में ही कांग्रेस ने अपने तीन मंत्रियों को बुलाकर पूरी ताकत झोंक दी। वहीं रैली में बड़ी संख्या में गाड़ियों में भरकर देवास व क्षेत्र के टिपानिया के समर्थन में कांग्रेसी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लाया गया था। टिपानिया को टिकट दिए जाने के कारण कांग्रेस के अनेक जमीनी कार्यकर्ताओं में नाराजी है। जिसका खामियाजा पार्टी को चुनाव के समय भुगतना पड़ सकता है। 

Leave a Reply