शादी की खुशियां हुई बैरंग, दहेज में कार देने से इंकार करने पर नहीं आई बारात

राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर में दहेज के लोभियों की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पर एक दूल्हे पक्ष के लोगों ने दहेज में कार ना मिलने से शादी करने से इंकार कर दिया. दुल्हन के पिता का आरोप है कि वर पक्ष के लोगों ने दहेज कार की मांग कर दी थी और मांग पूरी नहीं होने पर बारात लाने से मना कर दिया. वही इस बात से बधू पक्ष के लोगों का बुरा हाल हो गया है.
जानकारी के अनुसार सादुलपुर के वार्ड-2 में एक परिवार में एक पल में खुशियां गम में बदल गई, जहां एक तरफ खुशी का माहौल था घर में बेटी की शादी को लेकर नाचगाना चल रहा था. मेहमान आ रहे थे और बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी, तभी बेटी के ससुराल से एक फोन आया और पूरे घर में सन्नटा सा पसर गया. पूरे परिवार के आंखों में आंसू छलक पड़े और बेटी के पिता पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा. दरअसल फोन में बेटी के ससुराल वालों ने दहेज में कार की मांग रख दी और कार नहीं दी तो बारात लाने से मना कर दिया.
मामला सादुलपुर के वार्ड-2 में रहने वाले एक परिवार में एक बेटी की शादी की 26 अप्रेल की शादी होने वाली थी, लेकिन लड़की के ससुराल वालों ने ऐन वक्त पर कार की मांग कर दी और मांग पूरी नहीं होने पर बारात लाने को मना कर दिया. रिश्तेदारों द्वारा समझाईश भी की गई लेकिन दूल्हा पक्ष को लोग नहीं मानें.
लड़की के पिता के मुताबिक उनकी बेटी का रिश्ता सचिन चतराण चिड़ावा झुंझुनूं के साथ किया था और 31जनवरी को धूमधाम से राजगढ़ में सगाई की रस्म अदा की थी, लेकिन उसके बाद ससुराल के लोगों ने शादी में कार की मांग की और कार की मांग पूरी नहीं होने पर बारात लाने से इनकार कर दिया. पिता द्वारा बार-बार हाथ जोड़कर विनती की गई. पिता अपनी इज्जत बचाने के लिए रहम की भीख मांगता गया, लेकिन वो नही माने और शादी से इंकार कर दिया.
परिवार के लोग शादी के लिए पूरे रिश्तेदारों में व शहर में कार्ड वितरण भी कर चुके है और शादी का सारा सामान भी ले आए है और शादी की सारी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं. लड़की के रिश्तेदारों ने ससुराल पक्ष से समझाइश की तो ससुराल पक्ष ने और भी अटपटी शर्त रख दी. उनका कहना है की वे दूल्हे की बजाय उसके बड़े भाई से दुल्हन की शादी करा सकते हैं जो दुल्हन से काफी बड़ा है. वहीं पिता का कहना है दुख की बात तो ये है कि पुलिस को रिपोर्ट देने के बाद भी इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.
