लावारीस ट्रक से बरामद हुई लाखों की विदेशी शराब

अरवल्ली | जिले की शामलाजी आरटीओ चेकपोस्ट के निकट से पुलिस ने एक लावारीस ट्रक से लाखों रुपए कीमत की विदेशी शराब बरामद ट्रक चालक की तलाश तेज की है| जानकारी के मुताबिक अरवल्ली जिले में शामलाजी आरटीओ चेकपोस्ट के निकट नाकाबंदी कर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी| उस वक्त राजस्थान की ओर से आ रहे ट्रक चालक पुलिस की नाकाबंदी देख ट्रक को लावारीस छोड़ फरार हो गया| पुलिस ने लावारीस ट्रक की तलाशी ली तो उसमें थर्मोकोल के बॉक्स की आड में बड़ी मात्रा में छिपाई गई विदेशी शराब बरामद हुई| पुलिस ने रु. 1566000 लाख की विदेशी शराब की 435 पेटियां और रु. 1000000 कीमत के ट्रक समेत रु. 2566000 का माल-सामान जब्त कर लिया| साथ ही ट्रक चालक के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है|
