लोकसभा चुनाव के चलते भोपाल पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

भोपाल। लोकसभा चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने हेतु आईजी भोपाल जोन जयदीप प्रसाद एवं डीआईजी भोपाल शहर इरशाद वली के मार्गदर्शन में एएसपी ट्रैफिक प्रदीप चौहान एवं एएसपी जोन-1 अखिल पटेल के नेतृत्व में शनिवार पुराने एवं नए शहर के संवेदनशील इलाकों में सीएसपी,एसडीओपी,आरआईI, थाना प्रभारी एवं सीआरपीएफ, एसटीएफ, एसएएफ एवं यातायात समेत करीब 300 अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा 45 वाहनों से व्यापक स्तर पर फ़्लैग मार्च निकाला गया। जानकारी के अनुसार फ़्लैग मार्च शनिवार दोपहर चार बजे लाल परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर, लिली टॉकीज, तलैया तिराहा, भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहा, बस स्टैंड, भोपाल टाकीज चौराहा, बाल बिहार रोड, जनकपुरी, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, बाणगंगा चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, अपेक्स बैंक तिराहा, माता मंदिर चौराहा से होते हुए लिंक रोड नम्बर दो, नर्मदा भवन, अर्जुन नगर चौराहा, दूर्गा पेट्रोल पंप, नूतन कॉलेज चौराहा, सुभाष स्कूल तिराहा, मानसरोवर तिराहा, प्रगति चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल के सामने से होते हुए वल्लभ भवन रोटरी, जेल पहाड़ी, कंट्रोल रूम तिराहा होते हुए वापस लाल परेड ग्राउंड पर शाम करीब सात बजे समाप्त हुआ। अधिकारियो ने बताया की इस फ़्लैग मार्च का उद्देश्य लोकसभा चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना एवं आमजन/मतदाताओं में सुरक्षा की भावना जाग्रत करना है। फ़्लैग मार्च शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, क्रिटिकल मतदान केंद्रों, वल्नरेबल इलाकों से होकर निकाला गया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ सके एवं वे मताधिकार का उपयोग निर्भीकता के साथ कर सके। फ़्लैग मार्च में 1 जिप्सी, 1 एन्टी लैंडमाइंस वेहिकल, 2 वज्र, 1 रुद्र, 3 बस, 20 सीएसपी/एसडीओपी एवं ट्रैफिक डीएसपी, आरआई/ थाना वाहन(मोबाईल) एवं 10 अन्य वाहन समेत कुल 40 वाहनों में करीब 250 अधिकारी/कर्मचारियों ने भाग लिया।
