बेखौफ अपराधियों ने JDU नेता को गोलियों से भून डाला, एक गिरफ्तार

बिहार के लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम के दावे तब हवा होते दिखे, जब भोजपुर में अपराधियों ने एक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता को गोली मार दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना आरा नगर थाना क्षेत्र के गांगी गौसगंज की है। घटना के अगले दिन आज पुलिस ने एक आरोपित को बड़हरा के एकौना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
घर से बुलाकर मार दी गोली
मिली जानकारी के अनुसार बड़हरा थाना क्षेत्र के लौहर-फरना गांव निवासी जदयू नेता विश्वनाथ सिंह शनिवार की रात अपने गौसगंज स्थित आवास पर थे। इसी दौरान एक पल्सर बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। उन्होंने जदयू नेता को साजिश से बुलाकर ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। इसके बाद वे वे भाग निकले।
बेटे को भी गोली मारने की कोशिश
गाेलीबारी की आवाज सुनकर घर के अंदर से उनका बेटा महेश भी दौड़कर आ गया। अपराधियों ने उसके ऊपर भी फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। बाद में घायल जदयू नेता को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
घटना के पीछे संपत्ति का विवाद
घटना की सूचना मिलने सदर एसडीपीओ पंकज कुमार व सदर एसडीओ अरूण प्रकाश वहां पहुंच गए। पुलिस ने एकआरोपित को गिरफ्तार की लिया है। अन्य हमलावरों की खोज जारी है। भोजपुर के एसपी आदित्य कुमार के अनुसार घटना के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है।
जदयू नेता ने कही ये बात
इधर, बाबू बाजार स्थित अस्पताल में इलाजरत जदयू नेता विश्वनाथ सिंह ने बताया कि वे हमलावरों में से दो अपराधियों को वे पहचानते हैं। उन्होंने बताया कि वे देर शाम एक शादी समारोह में जाने के लिए तैयार हो रहे थे कि अपराधियों ने अस्पताल में किसी को भर्ती कराने की बात कह उन्हें बुलाया और गोली मार दी।
