सीबीएसई: बोर्ड ने 12वीं मैथ्स के एक सवाल को माना ट्रिकी, मिलेंगे बोनस माक्र्स

जोधपुर । हाल ही में संपन्न हुए सीबीएसई बोर्ड एग्जाम्स में बोर्ड ने मैथ्स का एक सवाल ट्रिकी माना है। बोर्ड के अनुसार सवाल के दो आंसर निकलते हैं। जिन स्टूडेंट्स ने यह सवाल अटेंप्ट किया है, उन्हें पूरे माक्र्स दिए जाएंगे, लेकिन जिन्होंने अटेंप्ट ही नहीं किया है, उन्हें कोई माक्र्स नहीं मिलेंगे। बोर्ड की कॉपियां जांच रहे एक एडिशनल हैड एग्जामिनर ने बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले बोर्ड से एक सर्कुलर मिला था, जिसमें एक सवाल की मार्किंग स्कीम बदलने के लिए कहा गया था। हालांकि जब सर्कुलर मिला, तक तक कई एग्जामिनर्स कॉपियां जांच चुके थे, लेकिन बाद में इन माक्र्स को सिस्टम में अपडेट करने के बाद ही रिजल्ट निकाला जाएगा। एग्जामिनर के अनुसार लीनियर प्रोग्रामिंग चैप्टर में से आए 6 माक्र्स के एक सवाल को दो तरीकों से हल किया जा सकता है जिसके 350 और 60 दो आंसर आते हैं। इसलिए दोनों आंसर को सही माना जाएगा। सैट 1 व 2 के क्वैश्चन नंबर-29 और सैट-3 के क्वैश्चन नंबर-27 में यह मार्किंग स्कीम होगी। हालांकि स्टूडेंट्स इस फैसले से नाखुश हैं। एक स्टूडेंट मोहित पंवार का कहना है कि इससे उन स्टूडेंट्स को तो नुकसान हो जाएगा जिन्होंने इस ट्रिकी सवाल को सॉल्व करने में अपना टाइम भी दिया लेकिन इसमें उलझने की वजह से अटेंप्ट नहीं किया। सीबीएसई बोर्ड एग्जाम रिजल्ट मई अंत या जून शुरूआत मे आ सकता है, हालांकि बोर्ड ने अभी तक रिजल्ट की डेट घोषित नहीं की है।
