सबसे धनी प्रत्याशी रिजु झुंझुनवाला और भागीरथ चौधरी में है मुकाबला

अजमेर । राजस्थान की अजमेर लोकसभा सीट पर प्रदेश के सबसे धनी प्रत्याशी कांग्रेस के रिजु झुंझुनवाला और बीजेपी के भागीरथ चौधरी के बीच सीधा मुकाबला है। निर्वाचन विभाग को दिए संपत्ति का ब्योरे में रिजु की संपत्ति 80 करोड़ बताई गई है। यूं तो यहां से सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही है। अब तक अजमेर लोकसभा सीट पर हुए 16 चुनावों में 9 बार नतीजे कांग्रेस के पक्ष में रहे हैं जबकि बीजेपी ने 6 बार यहां से बाजी जीती है । 
वर्तमान में अजमेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 8 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, इनमें जयपुर जिले का दूदू भी शामिल है। अन्य सात विधानसभा क्षेत्रों में किशनगढ़, पुष्कर, अजमेर नोर्थ, अजमेर साउथ, नसीराबाद, मसूदा और केकड़ी शामिल हैं। पूर्व में 1989 में पहली बार कांग्रेस के गोविंद सिंह को शिकस्त देकर बीजेपी के रासा सिंह रावत यहां से सांसद बने। इसेक बाद 1996 तक इस सीट पर रावत का कब्जा रहा। लगातार तीन बार चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की प्रभा ठाकुर ने 1998 में रावत को परास्त कर यहां से जीत हासिल की। हालांकि अगले ही चुनाव में 1999 में फिर वापसी करते हुए रासा सिंह यहां से विजयी रहे और 2009 तक सांसद रहे। इसके बाद 2009 में सचिन पायलट इस सीट से जीतकर संसद पहुंचे लेकिन 2014 की मोदी लहर में सांवरलाल जाट ने बीजेपी के खाते में फिर से जीत दर्ज कराई। सांवरलाल जाट निधन के बाद हुए उपचुनाव में बीजेपी ने संवरलाल जाट के बेटे रामस्वरूप लांबा को मैदान में उतारा लेकिन कांग्रेस के डॉ। रघु शर्मा ने जीत दर्ज की।

Leave a Reply