चुनाव आयोग से भाजपा की 5 विपक्षी दलों ने की शिकायत

नई दिल्ली । कांग्रेस सहित 5 विपक्षी दलों ने भाजपा पर ईवीएम में उसके चुनाव चिन्ह कमल के नीचे पार्टी का नाम लिखे होने की शिकायत चुनाव आयोग से की है। साथ ही पूरे प्रकरण की व्यापक जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस के साथ ही तृणमूल कांग्रेस, तेलुगु देशम पार्टी, एनसीपी, राजद के नेताओं ने शनिवार को चुनाव आयोग के समक्ष यह मामला उठाया और आयोग से इस संबंध में तत्काल कार्रवाई कर गड़बड़ी पर रोक लगाने का आग्रह किया है। आयोग से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, तृणमूल कांग्रेस के नेता दिनेश त्रिवेदी तथा एनसीपी नेता डी पी त्रिपाठी ने कहा कि कमल के निशान के नीचे भाजपा लिखा हुआ है। इस संबंध में इन नेताओं ने त्रिवेदी के चुनाव क्षेत्र के एक मतदान केंद्र से ईवीवीएम से निकली पर्ची की प्रतिछाया दिखाई, जिसमें कहा गया है कि पहले भाजपा के निशान कमल के फूल के नीचे पानी होने की संकल्पना वाला निशान होता था लेकिन इस बार पानी की जगह भाजपा लिखा हुआ है।
