मौजूदा हालातों में हमें सबसे पहले देश के भविष्य के बारे में सोचना है

भोपाल ।  भोपाल लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजयसिंह ने कहा कि गहोई वैश्य समाज एक पढ़ा लिखा, बुद्धिमान और व्यवहारकुशल समाज है। देश के मौजूदा हालातों को देखते हुए लोकसभा चुनाव में क्या करना है, आप सब जानते हैं। सिंह आज सेकेण्ड बस स्टाप पर मैथिलीशरण गुप्त भवन में गहोई वैश्य समाज के प्रतिष्ठित प्रतिनिधयों से रूबरू हो रहे थे। 
दिग्विजयसिंह ने कहा कि हम सभी को अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर देश के बारे में सोचना है। आज मौजूदा हालातों में सब एक संघर्ष में लगे हैं। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त  को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से आजादी की लड़ाई की अलख जगायी थी। उन्होंने देश की जो सेवा की है आज हम उसे स्मरण करते हैं।
पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कि हम लोगों को दिग्विजयसिंह के रूप में एक ऐसा प्रत्याशी मिला है, जिनकी दया, करूणा, प्रेम और सद्भावनाओं को सभी जानते हैं। वे हर जाति, धर्म और गरीब मतदाताओं का भी सम्मान करते हैं। दिग्विजयसिंह और भाजपा प्रत्याशी के विचारों में जमीन आसमान का अंतर है। जब हम खुलेमन से सोचेंगे तो हमें बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशियों में स्पष्ट अंतर समझ में आयेगा। मुझे विश्वास है कि निश्चित रूप से आप दिग्विजयसिंह के पक्ष में अपना फैसला देंगे।
कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि गहोई वैश्य समाज के लोग अपने पुरूषार्थ से एक छोटे से व्यापार को बहुत आगे तक ले जाते हैं। समाज के विकास और निर्माण में उनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता है। वे अन्य समाजों के बड़े वर्ग को भी प्रभावित करते हैं। निश्चित ही सभी दिग्विजयसिंह की कार्यशैली से प्रभावित हैं और लोकसभा में उनके पक्ष में काम करेंगे।
इस अवसर पर मंत्री पी.सी. शर्मा  सहित पार्षदगण उपस्थित थे। पूर्व में दिग्विजयसिंह ने समाज के वरिष्ठ और उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान किया। इनमें दिनेश गुप्ता, रचित कठहल, प्रशांत गुप्ता, वैभव गुप्ता, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता आदि शामिल थे। देवेन्द्र विश्वारी ने संचालन किया। लहरिया जी ने आभार व्यक्त किया। 

Leave a Reply