बंगाल में बवाल: आसनसोल में BJP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, बाबुल सुप्रियो का हंगामा

आसनसोल, लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए आज देश की 72 सीटों पर मतदान जारी है. पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर भी सुबह ही मतदान शुरू हुआ. इस बीच कई क्षेत्रों से ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें आ रही हैं. वहीं, शांतिपुर में एक वोटर के घर के सामने देसी बम बरामद हुआ है. गौरतलब है कि इससे पहले के चरणों में बंगाल में इस तरह की हिंसा की खबरें आती रही हैं.

बंगाल के आसनसोल में आज मतदान हो रहा है, यहां पर सुबह-सुबह हिंसा की खबरें हैं. बीजेपी और टीएमसी के समर्थक यहां पर आमने-सामने आ गए और नारेबाजी करने लगे. आसनसोल लोकसभा की पांडाबेश्वर विधानसभा में ये हिंसा हो रही है. भाजपा कार्यकर्ता यहां लगातार नारेबाजी कर रहे हैं, जिनपर स्थानीय पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है. यहां बाबुल सुप्रियो भी मीडिया के सामने ही बहस करते नजर आए. यहां बाबुल सुप्रियो की गाड़ी का शीशा भी तोड़ा गया है.
बाबुल सुप्रियो का कहना है कि वह खुद सेंट्रल फोर्स को बूथ पर लेकर जाएंगे. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी डरी हुई हैं, यही कारण है कि मतदान को प्रभावित किया जा रहा है.
दरअसल, आसनसोल में कई ऐसे बूथ हैं जहां पर सेंट्रल फोर्स की तैनाती नहीं हैं. इसमें बूथ नंबर 103, 104, 106 और 107 समेत कई बूथ शामिल हैं. बताया ये भी जा रहा है कि पहले यहां पर सेंट्रल फोर्स तैनात किए गए थे, लेकिन रातो-रात यहां पर महिला पुलिस को ड्यूटी पर लगा दिया गया.
बता दें कि आसनसोल में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो मैदान में हैं, उनका मुकाबला टीएमसी की मुनमुन सेन से है. बाबुल सुप्रियो बीते पांच साल में बंगाल की सरकार के खिलाफ मुखर रहे हैं.

अन्य इलाकों में भी हिंसा की खबरें

सोमवार को बंगाल के बीरभूम में कई पोलिंग बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं. वहीं कुछ बूथ ऐसे भी हैं जहां पर अभी तक (8.30 AM)  मतदान ही शुरू नहीं हो पाया है. यही कारण है कि वोटरों में काफी रोष है.

इसके अलावा शांतिपुर क्षेत्र में एक वोटर के घर के सामने देसी बम मिलने से हड़कंप मच गया है. इलाके के राधारानी बिद्यामंदिर के पास ये बम बरामद हुआ है. वहीं, बरहामपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक बाहरी व्यक्ति को पकड़ा है, कांग्रेस का आरोप है कि वह टीएमसी समर्थक है.

गौरतलब है कि इस बार बंगाल में सीधी लड़ाई भाजपा और टीएमसी के बीच है. पहले पंचायत चुनाव में कई जगह हिंसा हुई थी और अब लोकसभा चुनाव में भी हिंसा हो रही है. बीते चरणों में कई जगह बूथ पर देसी बम से हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं.
 

Leave a Reply