साल के अंत तक भारतीय बाजार में आ सकती हैं होंडा की एसयूवी एचआर-वी

नई दिल्ली । आने वाले दिनों में होंडा अपनी बहुप्रतीक्षित एसयूवी एचआर-वी को भारतीय बाजार में लाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने दिल्ली स्थित अपने डीलर्स को होंडा एचआर-वी दिखाई है। माना जा रहा है कि कंपनी इसका प्रॉडक्शन इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। यह कॉम्पैक्ट एसयूवी भारत में कंपनी के लाइनअप में सीआर-वी से नीचे के सेगमेंट में आएगी। लुक की बात करें, तो होंडा एचआर-वी में क्रोम ग्रिल, एलईडी हेडलैम्प्स और एल शेप में एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट दी गई हैं। एसयूवी में कूप कार जैसी रूफलाइन और एल शेप में टेल लाइट्स हैं। इसके पीछे वाले दरवाजों के हैंडल सी-पिलर में हैं। एचआर-वी में ड्यूल-टोन इंटीरियर, टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 3-स्पोक मल्टी फंक्शन स्टीयरिंग वील और 3-डायल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर हैं।
इंटरनैशनल मार्केट में उपलब्ध इस एसयूवी में 1.5-लीटर, 4-सिलिंडर पेट्रोल इंजन है, जो 128 बीएचपी का पावर और 155 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। इसका इंजन 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स से लैस है। भारतीय बाजार में यह एसयूवी ह्यूंदै क्रेटा, निसान किक्स और रेनॉ कैप्चर जैसी एसयूवी को टक्कर देगी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि होंडा एचआर-वी इस साल के अंत तक भारत में लांच की जा सकती है। इसकी कीमत 15 से 20 लाख की रेंज में रहने की संभावना है। इस एसयूवी को इंटनैशनल मार्केट में पहली बार साल 2014 में पेश किया गया था। इसका मतलब यह हुआ कि भारत में लांच होने वाली एचआर-वी पुरानी जेनरेशन होगी। हालांकि, संभावना है कि कंपनी इस एसयूवी का फेसलिफ्ट वर्जन भारत में लांच करेगी। बता दें कि होंडा एचआर-वी कुछ जगह विजेल नाम से भी बेची जाती है। यह साउथ ईस्ट एशिया में काफी पॉप्युलर कॉम्पैक्ट एसयूवी है।
