गर्मियों में रखें खान-पान का ख्याल 

गर्मियों के मौसम में तेज धूप और गर्म हवाओं से सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। तापमान के बढ़ने से कई लोगों को स्किन (त्वचा) की समस्याएं सताने लगती हैं। ऐसे में अपने खान-पान का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव शरीर पर पड़ता है। गर्मियों में सेहतमंद रहने के लिए जितना जरूरी भरपूर मात्रा में पानी पीना होता है, उतना ही जरूरी खाने-पीने की चीजों का ध्यान रखना भी होता है। मौसम के हिसाब से ही अपना डाइट प्लान बनाना चाहिए। गर्मियों में इन्हें खाने से बचें।
ज्यादा मसालेदार चीजें न खाएं- मसाले खाने का स्वाद तो बढ़ाते हैं, लेकिन ये लोगों की सेहत को गंभीर रूप से नुकसान भी पहुंचाते हैं, ज्यादा मसाले खाने से जलन, पेट की समस्या आदि होने लगती हैं। साथ ही शरीर का तापमान भी बढ़ता है।
 मांसाहारी चीजों का कम सेवन करें- गर्मियों में जितना हो सके मांसाहारी चीजों का सेवन करने से बचें। गर्म मौसम में मसालेदार ग्रेवी वाली चीजों का सेवन करने से शरीर का तापमान भी बढ़ता है, जिससे ज्यादा पसीना आता है। साथ ही हाजमा भी खराब होता है।
जंक फूड- गर्मियों में जंक फूड खाने के बजाए हरी सब्जियों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। हरी सब्जियों से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो कई बीमारियों से दूर रखने में मदद करते हैं।
चाय और कॉफी- अधिकतर लोगों के दिन की शुरुआत चाय की प्याली के साथ होती है लेकिन चाय और कॉफी दोनों ही शरीर के तापमान को बढ़ाते हैं। इनमें मौजूद कैफिन शरीर को डिहाइड्रेट करती है। इसलिए गर्मियां शुरू होते ही चाय और कॉफी से दूरी बना लें।
चीज सॉस- चीज यूं तो ज्यादातर लोगों को पसंद होती है, लेकिन गर्मियों में चीज का कम से कम सेवन करना चाहिए। दरअसल, चीज सॉस में कैलोरी की मात्रा बहुत अधिक होती है। वहीं, इस मौसम में शरीर को ज्यादा न्यूट्रिशन की जरूरत होती है। इसलिए डाइट में हेल्दी चीजें ही शामिल करें।

Leave a Reply