ट्रांसफार्मर न बदले जाने से गुस्सायी महिलाओं ने बिजलीघर घेरा

दो दिन पूर्व फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज महिलाओं ने रात में ही परिजनों के साथ बिजली घर का घेराव कर खूब हंगामा काटा। बाद में पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई बंद कराकर बिजली घर के गेट पर ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जिससे बिजली निगम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रांसफॉर्मर को बदलकर बिजली सप्लाई शुरू की गई तो लोग शांत हुए।

कस्बे के बाजार रोड पर लगा ट्रासंफार्मर दो दिनों पूर्व फुंक गया था। जिसके बाद कस्बे के पंजाबी कॉलोनी समेत कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी जिससे परेशान ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की तो उन्हें शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदले जाने का आश्वासन मिला लेकिन दो दिन बाद भी जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो शनिवार की रात को महिलाओं का सब्र जवाब दे गया। गुस्सायी महिलाओं ने परिजनों के साथ बिजली घर पहुंचकर खूब हंगामा काटा। जिसकी सूचना मिलते ही काफी लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे कस्बे की बिजली बंद कर बिजली घर के गेट पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह ट्रांसफार्मर को बदलकर बिजली चालू कराए जाने की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद बिजली विभाग ने आनन-फानन में ट्रांसफार्मर को बदलवाकर बिजली सप्लाई शुरू करा दी। इसमें किरन सब्बरवाल, निकिता सूरी, राधा सब्बरवाल, बबिता चौधरी, ज्योति आनंद,स्नेहा सब्बरवाल, सुनीता सब्बरवाल, निशा चड्ढा, संजीव गुप्ता, सीटू सब्बरवाल, प्रमोद आनंद, सोनू सूरी, संजीव कुमार, जीतू चड्डा, अखिलेश कुमार, राजेन्द्र सब्बरवाल, कपिल शर्मा, अजीत कुमार आदि थे।
 

Leave a Reply