कानपुर में बुजुर्गों में दिखा जोश, मगर EVM की गड़बड़ी से वोटिंग हुई प्रभावित

उत्तर प्रदेश के कानपुर में चौथे चरण में सोमवार को वोट डाले जा रहे हैं। यहां वोटिंग का नजारा काफी मिलाजुला रहा। एक तरफ बुजुर्गों में वोट डालने का जबरदस्त उत्साह था तो वहीं कुछ जगहों पर EVM खराब होने ने मतदान प्रभावित रहा। खबरों के मुताबिक कानपुर देहात के कुछ मतदान केंद्रों पर मतदानकर्मियों को वोटरों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। उन्हें पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल लेने से मना किया गया था। वोटरों का कहना था कि स्थानीय प्रशासन ने फेसबुक पेज पर वोट देने के बाद सेल्फी भेजने के लिए कहा था जिसके चलते मतदाता मोबाइल लेकर पहुंचे। 

बुजुर्गों में जोश, खूब डाल रहे वोट

कानपुर नगर लोकसभा सीट पर युवाओं की तुलना में बुजुर्गों में खूब जोश दिखा। किदवई नगर निवासी एन ब्लॉक के 96 वर्षीय बुजुर्ग डॉक्टर एनसी बजाज ने जहां यूपी किराना केंद्र पर वोट डाला, तो श्रीमुनि इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर 92 साल के ज्वाला प्रसाद ने वोट डाला। 87 साल के शिव शंकर लाल का उत्साह भी देखने लायक था। दिव्यांग होने के बावजूद वह उन्होंने सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में 82 वर्षीय प्रेम शंकर ने वोट डाला। हजसन मेमोरियल स्कूल सिविल लाइंस में महापौर प्रमिला पांडेय ने अपना वोट डाला।

ईवीएम खराबी से कई केंद्रों में मतदान प्रभावित

चौथे चरण में कानपुर नगर लोकसभा सीट के कई बूथों पर बड़ी संख्या में ईवीएम में खराबी के कारण देरी से मतदान शुरू हो सका। यूपी किराना में ईवीएम की खराबी के कारण 07:45 तक मतदान शुरू नहीं हो सका। इसी तरह बिठूर में बूथ संख्या 80 में खराब ईवीएम को बदलने के बाद ही वोटिंग शुरू हो पाई। किदवई नगर में बूथ संख्या 84-86 की ईवीएम खराब होने से मतदान शुरू नहीं हो सका। एसएन सेन डिग्री कॉलेज में सुबह 7:30 तक मतदान प्रभावित रहा।इसी तरह गोविंद नगर और आर्यनगन में भी ईवीएम खराबी से मतदान प्रभावित हुआ है। भाजपा प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी के बेटे अनूप पचौरी ने कहा कि उनके पास कई स्थानों से ईवीएम खराबी की सूचनाएं आ रही हैं जिससे मतदान प्रतिशत पर असर पड़ सकता है।

नहीं मिली चाबी, कमरों का ताला तोड़ शुरू हुआ मतदान 

रतनलाल नगर स्थित हरिमलाप मिशन स्कूल में बूथ संख्या 243 से 246 तक के कमरों में ताला लगा रहा जिसे तोड़ने की नौबत आ गई। इस कारण यहां देरी से मतदान शुरू हो सका। हलीम इंटर कॉलेज में 07:30 बजे तक लाइनें लगी रहीं लेकिन मतदान शुरू नहीं हो सका। 

मोबाइल ले जाने पर लगाई रोक, मतदाता नाराज, बोले-फिर सेल्फी के लिए क्यों कहा

चौथे चरण के मतदान के दौरान कानपुर नगर और कानपुर देहात के मतदान केंद्रों में मतदान करने पहुंचे उन लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ा जो अपने साथ मोबाइल ले गए थे। पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने से रोक दिया गया। ऐसे में कुछ तो मतदान किए बिना ही लौट गए लेकिन कुछ ने अपने साथियों के पास मोबाइल रखाकर फिर मतदान किया। स्थानीय प्रशासन ने फेसबुक पेज पर वोट देने के बाद सेल्फी भेजने के लिए कहा था जिसके चलते मतदाता मोबाइल लेकर पहुंचे। यहां सेल्फी प्वॉइंट भी बनवाए गए थे। मोबाइल ले जाने से रोकने पर मतदाताओं में नाराजगी रही।

Leave a Reply