लाइक, कमेंटस और सेल्फी के चक्कर में बिखर रहे परिवार 

भोपाल । पत्नियां हर रोज फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सएप पर अपनी डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) बदल रही हैं। सेल्फी अपलोड कर रही हैं। ऐसे पत्नियां बच्चों एवं पतियों को समय नही दे पा रही है। इन हालातों में दांपत्य जीवन दरकते जा रहा है। उनके एक्सट्रा मेरिटल अफेयर के मामले भी सामने आ रहे है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में बीते छह माह में करीब 6 से 7 ऐसे मामले पहुंचे हैं, जिनमें मोबाइल पर ज्यादा व्यस्त होने के कारण पति-पत्नी के बीच तलाक की नौबत आ गई है। इसके चलते प्राधिकरण में संबंधित पति-पत्नियों की काउंसलिंग चल रही है। पत्नियों का तर्क है पति उन्हें समय नहीं देते इसलिए वे सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गई हैं। काउंसलिंग में पत्नियों का कहना है कि उनके पतियों के पास इतना समय नहीं है कि वे अपनी पत्नी की तारीफ करें। ऐसे में जब वे सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करती हैं तो उन्हें कई लाइक्स व कमेंट्स मिलते हैं। इससे उन्हें अपने खूबसूरत होने का अहसास होता है। इसलिए हाउसवाइफ भी मेकअप और ड्रेस पर पूरा ध्यान देती हैं। 
काउंसलर्स का मानना है कि पत्नियां सोशल मीडिया पर इतनी व्यस्त हो गई हैं कि उन्हें अपने घर की भी जिम्मेदारी का अहसास नहीं है। वे दिनभर में करीब 10 से 12 सेल्फी लेकर वाट्सएप के स्टेटस पर अपलोड कर रही हैं। वहीं पतियों को डर है कि फोटो अपलोड करने से उनकी पत्नियां सायबर क्राइम के चक्कर में न फंस जाएं या कोई ब्लैकमेल न कर लें। ऐसे में दंपती की काउंसलिंग कर समझाने का प्रयास किया जा रहा है। 
    राजधानी के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर पति ने अपनी पत्नी से तलाक का केस लगाया है। काउंसलिंग में उसने बताया कि मैं जब भी घर आता हूं तो पत्नी फोन पर लगी रहती है। वह हमेशा मेकअप और नई ड्रेस में नजर आती है। उसकी डीपी हर रोज बदलती रहती है। वह दिनभर सेल्फी खींचकर उसे फेसबुक व ट्विटर पर अपलोड करती है। एक अन्य मामले में बैंक में कार्यरत मैनेजर और उनकी एचआर पत्नी के बीच तलाक के लिए मामला कुटुम्ब न्यायालय में पहुंचा है। दोनों जॉब में होने के कारण एक-दूसरे को समय नहीं दे पाते। पति का कहना है कि जब वक्त मिलता है पत्नी फोन पर चैटिंग करती रहती है। वहीं पत्नी ने बताया कि पति के पास मेरे लिए समय ही नहीं है। इस बारे में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की काउंसलर शैल अवस्थी का कहना है कि आजकल पति-पत्नी के पास एक-दूसरे के लिए समय नहीं है। ऐसे में पत्नियां स्मार्ट फोन के जरिए सोशल मीडिया व्यस्त हो गई हैं। यहां लाइक पाने की लत में वे अपनी फोटो वायरल कर रही हैं। जिससे वह परिवार पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं।

Leave a Reply